जल निकासी में रूकावट/अवरोध उत्पन्न करने वाले स्थलों को अविलंब चिन्हित करते हुए सुगमतापूर्वक जल निकासी की व्यवस्था करने का निदेश।
अप्रत्याशित वर्षा की स्थिति में जल निकासी हेतु इमेरजेंसी क्यूआरटी टीम को तैयार रखने का निदेश।
बेतिया। नगर निगम, बेतिया में आसन्न बरसात के मौसम के मद्देनजर सुदृढ़ जल निकासी की व्यवस्था हेतु चलाये जा रहे नाला उड़ाही एवं नालों से अवैध कब्जा हटाने के विशेष अभियान की आज जिलाधिकारी द्वारा समीक्षा की गयी। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनिल कुमार, एसडीएम, बेतिया, विनोद कुमार, नगर आयुक्त, नगर निगम, बेतिया, लक्ष्मण प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि शहरवासियों को बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या से नहीं जूझना पड़े, इस हेतु नगर निगम द्वारा नाला उड़ाही एवं अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई सराहनीय है। उन्होंने निदेश दिया कि नाला उड़ाही एवं नालों से अवैध कब्जा हटाने का कार्य सतत चलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जल निकासी में रूकावट/अवरोध उत्पन्न करने वाले स्थलों को अविलंब चिन्हित करते हुए सुगमतापूर्वक जल निकासी की व्यवस्था की जाय। इस हेतु निगम के सभी कर्मियों सहित अन्य मानव बल को कार्य पर लगाया जाय। नालों के उपर बने पुलिया के वेंट की अच्छे तरीके से साफ-सफाई लगातार करायी जाय।
जिलाधिकारी ने कहा कि नगर निगम के सारे संसाधनों को क्रियाशील रखा जाय। अगर किसी संसाधन में तकनीकी गड़बड़ी है तो उसे तुरंत ठीक कराकर फंक्शनल मोड में रखा जाय और आवश्यकतानुसार उसका उपयोग किया जाय। उन्होंने कहा कि अप्रत्याशित वर्षा की स्थिति में जलजमाव से निपटने के लिए इमेरजेंसी क्यूआरटी टीम का गठन कर अलर्ट मोड में रखा जाय ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने निदेश दिया कि उड़ाही एवं अतिक्रमणमुक्त कराये गये नालों में कचरा डालने वाले एवं पुनः अतिक्रमण करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध नियमानुकूल कार्रवाई सुनिश्चित की जाय और जुर्माना भी वसूल किया जाय। ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए नालों में कचरा नहीं डालने एवं नालों का अतिक्रमण नहीं करने हेतु उन्हें सख्त हिदायत दें।
नगर निगम आयुक्त द्वारा बताया गया कि निदेशानुसार नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत 500-500 मीटर की दूरी पर जिलास्तरीय अधिकारियों को नाला उड़ाही एवं नालों से अवैध कब्जा हटाने के कार्य की समीक्षा एवं अनुश्रवण करने हेतु प्रतिनियुक्ति की गयी है। सभी जिलास्तरीय अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मीना बाजार के नालों की अच्छे तरीके से साफ-सफाई कराने हेतु स्थानीय व्यवसायियों द्वारा लगातार अनुरोध किये जाने के उपरांत सफाई कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। कुछ लोगों द्वारा नालों का अतिक्रमण कर दुकान आदि बना लिया गया है, जिससे जल निकासी में बाधा उत्पन्न हो रही है। ऐसे व्यक्तियों को नोटिस जारी किया गया है।
जिलाधिकारी ने एसडीएम, बेतिया सदर को निदेश दिया कि मीना बाजार अवस्थित नालों की समुचित उड़ाही एवं नालों पर अवैध कब्जा हटाने का कार्य सुचारू ढंग से कराने हेतु मजिस्ट्रेट सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। नगर निगम आयुक्त को निदेश दिया गया कि मीना बाजार के व्यवसायियों से अनुरोध करें कि शहर में समुचित जल निकासी हेतु सभी नालों की सफाई अत्यंत ही जरूरी है। मीना बाजार के नालों पर से अतिक्रमण स्वयं हटा लें अन्यथा प्रशासन द्वारा नियमानुकूल कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
जिलाधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित जिलास्तरीय पदाधिकारियों से फीडबैक भी लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। वरीय उप समाहर्ता सुश्री सुभाषिणी प्रसाद, श्री राजकुमार सिन्हा, मनिष कुमार, सुजीत बरनवाल आदि ने जलनिकासी हेतु किये जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि उड़ाही किये गये नालों में लोग पुनः कचरा डालने लगे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह अत्यंत ही खेदजनक स्थिति है। ऐसे लोग नालों में कचरा नहीं डाले। शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुगम जल निकासी हेतु अपना योगदान दें।
