2 दिन पूर्व कथित रूप से अपहृत किशोर का शव पानी से भरे तालाब से बरामद, परिजनों में पसरा मातमी सन्नाटा

2 दिन पूर्व कथित रूप से अपहृत किशोर का शव पानी से भरे तालाब से बरामद, परिजनों में पसरा मातमी सन्नाटा

रजौन, बांका : रजौन थाना क्षेत्र के शिकानपुर गांव स्थित पानी से भरे एक तालाब से पुलिस ने बुधवार को एक 14 वर्षीय किशोर का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान दो दिन पूर्व कथित रूप से अपहृत हुए शिकानपुर ग्राम निवासी रामदेव यादव के पुत्र दिलखुश कुमार (14 वर्ष) के रूप में हुई है। इधर मृतक के पिता रामदेव यादव ने गांव के ही अघो यादव सहित उसके तीन पुत्रों विभाष यादव, प्रभाष यादव व निर्मल यादव के विरुद्ध अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक के पिता ने 2 जनवरी को ही रजौन थाना में लिखित आवेदन देकर अपने पुत्र के अपहरण करने का आरोप उक्त लोगों पर लगाया था। बुधवार को दिलखुश कुमार का शव गांव के ही पानी से भरे एक तालाब से बरामद किया गया है। घटना के पीछे का कारण पुरानी दुश्मनी बताई जा रही है। इधर बुधवार को रजौन पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु बांका भेज दिया है। इधर इस घटना के बाद मृतक के माता-पिता सहित समस्त परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस सम्बंध में रजौन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले की प्राथमिकी मृतक के पिता के बयान पर एक दिन पूर्व भी दर्ज कर ली गई थी। जिसमें पिता ने उक्त लोगों के विरुद्ध पुत्र के अपहरण करने का आरोप लगाया था। दर्ज प्राथमिकी में मृतक के पिता रामदेव यादव ने कहा था कि 1 जनवरी को संध्या करीब 5 बजे उक्त लोग गाली गलौज करते हुए घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी, मना करने पर पुत्र को जान से मारने की धमकी भी दी थी। उस दिन सभी लोग बहियार अपने पुत्र को घर में सोते हुए छोड़कर चले गए। रात को करीब 12 बजे जब वे घर पहुंचे तब उनका पुत्र घर पर नहीं था। काफी खोजबीन के बाद भी पुत्र का कहीं पता नहीं चला। बहरहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वहीं घटना में शामिल कथित आरोपियों को रजौन पुलिस फिलहाल गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इधर इस घटना के सम्बंध में बांका एसडीपीओ विपिन बिहारी ने बताया कि इस घटना में शामिल अपराधियों को पुलिस जल्द गिरफ्तार करेगी। घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी जारी है। कथित अपहरण की प्राथमिकी मृतक के पिता के बयान पर एक दिन पूर्व ही दर्ज कर ली गई थी। पुलिस इस घटना को लेकर गंभीर है, जल्द ही मामले का खुलासा होगा। घटना में शामिल अपराधियों को बख्सा नहीं जाएगा।

Post a Comment

0 Comments