जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा अनावरण करने केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर 25 को आएंगे रजौन

जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा अनावरण करने केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर 25 को आएंगे रजौन

))रजौन/बांका :रजौन प्रखंड मुख्यालय के पुराने कार्यालय सह अंबेडकर प्रतिमा स्थल के निकट स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर पुस्तकालय भवन के समीप अवस्थित भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के नवस्थापित आदमकद प्रतिमा के अनावरण को लेकर आगामी 25 मई दिन रविवार को भारत सरकार के केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण सह खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर रजौन आ रहे हैं। मालूम हो जननायक कर्पूरी ठाकुर के इस आदमकद प्रतिमा को स्थापित कराने में कर्पूरी विचार मंच के प्रखंड अध्यक्ष सह समाजसेवी विष्णुदेव ठाकुर ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, इन्होंने ही सर्वप्रथम पंचायत समिति की बैठक में जननायक कर्पूरी ठाकुर पुस्तकालय भवन एवं आदमकद प्रतिमा स्थल के लिए आवाज उठाई और प्रखंड के सभी 26 पंचायत समिति सदस्यों से हस्ताक्षर कराने के उपरांत डीडीसी से लेकर बिहार सरकार तक से लड़ाई लड़ते हुए प्रखंड मुख्यालय की 4 डिसमल सरकारी जमीन की एनओसी कराते हुए पुस्तकालय भवन एवं प्रतिमा स्थल बनाने की दिशा में ठोस पहल की है। वहीं इसके बाद पूर्व विधायक मनीष कुमार के अलावे जदयू प्रखंड अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह कुशवाहा, रजौन दक्षिणी जिला परिषद सदस्य मुकेश सिंह एवं प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने अपने खर्चे से जननायक कर्पूरी ठाकुर के आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इधर इस सम्बंध में पूर्व विधायक मनीष कुमार ने बताया कि धोरैया विधानसभा शुरू से ही समाजवादियों की धरती रही है। पूर्व में भी जब बांका से लोकसभा उम्मीदवार के रूप में मधु लिमये, जॉर्ज फर्नांडिस जैसे समाजवादी नेता आए तो धोरैया विधानसभा की जनता ने बढ़-चढ़कर अपनी भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में रजौन प्रखंड मुख्यालय परिसर में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं सरदार पटेल की प्रतिमा स्थापित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को रजौन बुलाकर इसका एकसाथ अनावरण करवाया था। इधर कुछ दिन पूर्व पुनः स्थानीय समाजवादियों की इच्छा को ध्यान में रखते हुए जदयू की प्रखंड स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि प्रखंड परिसर में महान समाजवादी जननायक कर्पूरी ठाकुर की भी प्रतिमा स्थापित होनी चाहिए। वहीं इसके बाद पूर्व विधायक मनीष कुमार ने इसे अमलीजामा पहनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी और अपने प्रखर सहयोगियों के सहयोग से गया जी में जननायक की आदमकद प्रतिमा बनवाकर रजौन मंगाई और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर पुनः इस प्रतिमा के अनावरण हेतु समय मांगा, लेकिन समयाभाव के कारण मुख्यमंत्री ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के पुत्र सह भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर को जननायक कर्पूरी ठाकुर के प्रतिमा का अनावरण के लिए निर्देशित किया है। वहीं इसके बाद केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर के द्वारा प्रतिमा अनावरण की तिथि 25 मई दिन रविवार निर्धारित की गई। इधर इस कार्यक्रम की सूचना पाते ही रजौन के पुराने समाजवादी विचारधारा के लोगों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है और लगातार प्रतिमास्थल का मुआयना करने वालों की भीड़ सी लगी हुई है। आखिर हो भी क्यों नहीं, भारत सरकार के किसी मंत्री का वर्षों बाद रजौन में आगमन जो होने जा रहा है। इधर जदयू प्रखंड अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम के निमित्त गांव-गांव आमंत्रण देने जाने के क्रम में पता चल रहा है कि लोगों में इसको लेकर काफी उत्साह है। जननायक कर्पूरी ठाकुर के आदमकद प्रतिमा के अनावरण के साथ-साथ विशाल जनसभा की भी तैयारी जोरशोर से चल रही है। वहीं भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर विचार मंच के प्रखंड अध्यक्ष विष्णुदेव ठाकुर ने बताया कि इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर के अलावे बांका सांसद गिरधारी यादव, पूर्व मंत्री सह सांसद मंगनी लाल मंडल, पूर्व विधायक मनीष कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।

रिपोर्ट:केआर राव

Post a Comment

0 Comments