नहीं रहे संघ के वरिष्ठ प्रचारक नवल प्रसाद

नहीं रहे संघ के वरिष्ठ प्रचारक नवल प्रसाद

पटना, 7 जुलाई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक नवल प्रसाद का निधन विगत रविवार की मध्य रात्रि होने की खबर है। वर्तमान में नवल जी जागरण पत्रक के प्रांत के पाठक प्रमुख थे। नवल जी मूलतः नालंदा जिला के अस्थावां प्रखंड के अकबरपुर गांव के निवासी थे। पटना विश्वविद्यालय से उन्होंने स्नातकोत्तर (भूगोल) तक की पढ़ाई की थी। पढ़ाई के उपरांत 1996 में भागलपुर संघ शिक्षा वर्ग से प्रचारक बने और अपना जीवन राष्ट्र कार्य के लिए समर्पित कर दिया।

संघ के प्रचारक के तौर पर सर्वप्रथम वे पहली बार सासाराम में नगर प्रचारक बने। इसके बाद बांका एवं नालंदा के जिला प्रचारक के दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में संघ कार्य के विस्तार में उनकी अहम भूमिका रही। ग्रामीण क्षेत्र में सक्रिय गतिविधि के कारण उन्हें अखिल भारतीय किसान संघ के प्रांत के सह संगठन मंत्री का भी दायित्व दिया गया। किसान संघ के कई प्रमुख अभियान और कार्यक्रम उनके सफल नेतृत्व में सम्पन्न हुए। अक्खड़ स्वभाव के धनी नवल जी अक्सर अपने कार्य में रमे रहते थे। एक बार कार्यक्रम तय हो जाने के बाद नवल जी पीछे नहीं हटते थे।

नवल जी की कथनी करनी एक थी। इस कारण से स्वयंसेवकों के बीच वे काफी लोकप्रिय थे। आपके पिताजी स्वर्गीय तृप्ति नारायण जी कृषक थे। नवल जी 5 भाई और 1 बहन थे। उनके 3 भाई सरकारी सेवा में थे। सबसे छोटे भाई कौशलेंद्र प्रसाद सिंह का निजी विद्यालय है। नवल जी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने अंतिम सांस पटना के पालिका विनायक अस्पताल में ली। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को पटना के गुलबी घाट पर हुआ। मुखाग्नि छोटे भाई कौशलेंद्र प्रसाद सिंह ने दी।

रिपोर्ट: चंपारण नीति समाचार संपादक कुमुद रंजन राव

Post a Comment

0 Comments