बांका में शराब माफियाओं पर पुलिस का 'डबल अटैक': एक ही दिन में दो ट्रकों से 18,500 लीटर से ज्यादा विदेशी शराब जब्त, एसपी ने किया खुलासा

बांका में शराब माफियाओं पर पुलिस का 'डबल अटैक': एक ही दिन में दो ट्रकों से 18,500 लीटर से ज्यादा विदेशी शराब जब्त, एसपी ने किया खुलासा

​रजौन,बांका ;-बांका पुलिस ने शराब तस्करों की कमर तोड़ते हुए शनिवार को जिले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक ही दिन में 'डबल अटैक' करते हुए रजौन और बाराहाट थाना क्षेत्रों से दो अलग-अलग ट्रकों में लदी कुल 18,551 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस ऐतिहासिक बरामदगी और पूरे मामले के उद्भेदन के लिए बांका एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा स्वयं रजौन थाना पहुंचे। मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि मद्य निषेध अभियान के तहत पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड के रास्ते शराब की बड़ी खेप बिहार भेजी जा रही है। इसी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पहली सफलता रजौन पुलिस को मिली। शनिवार सुबह पुलिस ने केशव वाटिका के पास एक ट्रक को संदिग्ध अवस्था में रोका। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक में ऊपर धान की भूसी लाद रखी थी, लेकिन सघन तलाशी में भूसी के नीचे छिपाई गई 8179.2 लीटर विदेशी शराब बरामद कर ली गई। मौके से पुलिस ने समस्तीपुर निवासी चालक विजय कुमार महतो को गिरफ्तार किया। ​रजौन में हुई इस बड़ी कार्रवाई में बौंसी एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम की भूमिका सराहनीय रही। छापेमारी दल में रजौन थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार, अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विनोद कुमार, संजय कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक पवन कुमार सहित सिपाही नवीन कुमार, सूर्यदेव पासवान और मृत्युंजय कुमार शामिल थे, जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे ट्रक को धौनी होटल के पास दबोच लिया। ​इसी दौरान एसपी ने दूसरी बड़ी सफलता की जानकारी देते हुए बताया कि बाराहाट थाना की पुलिस ने भी एक ट्रक को जब्त कर 10,372 लीटर विदेशी शराब बरामद की है और मौके से चालक को गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि एक ही दिन में दो थाना क्षेत्रों से कुल साढ़े अठारह हजार लीटर से अधिक शराब की बरामदगी जिला पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार और उनकी पूरी टीम के साथ-साथ बाराहाट पुलिस की भी पीठ थपथपाई।

रिपोर्ट :- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments