बांका :- बिहार इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धान्तिक) परीक्षा-2026 को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला और पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा के सफल संचालन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशानुसार परीक्षा का आयोजन 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक (4 और 8 फरवरी को छोड़कर) दो पालियों में किया जाएगा, जिसमें प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से और द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व तक ही केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी; यानी प्रथम पाली के लिए सुबह 9:00 बजे तक और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश मिलेगा, इसके बाद आने वाले किसी भी परीक्षार्थी को अंदर जाने नहीं दिया जाएगा। कदाचार रोकने के लिए इस बार नियमों में सख्ती बरती गई है, जिसके तहत परीक्षार्थियों को जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र में आने पर पूर्ण रोक रहेगी और उन्हें केवल चप्पल पहनकर ही प्रवेश करना होगा। प्रत्येक केंद्र के मुख्य द्वार पर अनिवार्य रूप से तलाशी के बाद ही प्रवेश पत्र की जांच कर परीक्षार्थियों को अंदर जाने दिया जाएगा, वहीं महिला परीक्षार्थियों की जाँच के लिए महिला पुलिस बल की विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा कक्ष में मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और 'आप सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हैं' के पोस्टर भी प्रदर्शित किए जाएंगे। परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुपर जोनल और जोनल दण्डाधिकारी लगातार भ्रमणशील रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति या सूचना के लिए अनुमंडल कार्यालय परिसर में एक जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06424-222225 है।
रिपोर्ट:- केआर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...