सबका सम्मान-जीवन आसान': बांका में अब हर सोमवार और शुक्रवार को अधिकारी सुनेंगे जनता की फरियाद, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

सबका सम्मान-जीवन आसान': बांका में अब हर सोमवार और शुक्रवार को अधिकारी सुनेंगे जनता की फरियाद, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

बांका :-बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'सात निश्चय-3' के सातवें संकल्प 'सबका सम्मान-जीवन आसान' को धरातल पर उतारने और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक संवेदनशील बनाने के लिए जिला प्रशासन ने एक अहम पहल की है। इस नई व्यवस्था के तहत अब जिले में प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक सप्ताह के दो कार्य दिवस सोमवार और शुक्रवार को जिला से लेकर अनुमंडल, प्रखंड, अंचल, थाना और पंचायत स्तर तक के सभी अधिकारियों का अपने कार्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य कर दिया गया है, ताकि वे आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित निष्पादन कर सकें। इसी कड़ी में शुक्रवार (30 जनवरी) को जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में जन-सुनवाई का आयोजन किया गया, जहां उन्होंने स्वयं आमजनों की समस्याएं सुनीं और प्राप्त शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ​जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के सभी प्रखंड और अंचल कार्यालयों में भी इस आदेश का व्यापक असर दिखा, जहां पदाधिकारी अपने कार्यालयों में मौजूद रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनते नजर आए। इस दौरान कई मामलों का समाधान तत्काल कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों पर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डीएम नवदीप शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी पदाधिकारी निर्धारित दोनों दिनों में अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने हिदायत दी है कि इस व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ताकि सुशासन के संकल्प को सही मायने में साकार किया जा सके।

रिपोर्ट:- के आर राव 

Post a Comment

0 Comments