भागलपुर-मंदारहिल रेलखंड पर बड़ी साजिश नाकाम? पटरी के क्लिप खुले होने पर ग्रामीण और चालक की सूझबूझ से टला भीषण हादसा

भागलपुर-मंदारहिल रेलखंड पर बड़ी साजिश नाकाम? पटरी के क्लिप खुले होने पर ग्रामीण और चालक की सूझबूझ से टला भीषण हादसा

रजौन ,बांका: भागलपुर-मंदारहिल रेलखंड पर शुक्रवार की देर शाम एक भीषण रेल हादसा होते-होते टल गया। घटना रजौन थाना क्षेत्र के संझा हॉल्ट के समीप किलोमीटर 20/16 पर हुई, जहाँ पटरी के कई क्लिप खुले हुए पाए गए। गनीमत रही कि एक सजग ग्रामीण की तत्परता और ट्रेन चालक की सूझबूझ ने सैकड़ों यात्रियों की जान बचा ली। यह वाकया उस वक्त हुआ जब गाड़ी संख्या 53441 देवघर-जमालपुर पैसेंजर ट्रेन धौनी (रजौन) स्टेशन से शाम 7:35 बजे खुलने के बाद भागलपुर की ओर बढ़ रही थी। जैसे ही ट्रेन किलोमीटर 20/16 के पास पहुंचने वाली थी, एक स्थानीय ग्रामीण ने पटरी की खतरनाक स्थिति को भांप लिया और अपनी मानवीय जिम्मेदारी निभाते हुए चालक को खतरे का संकेत दिया। चालक ने भी त्वरित बुद्धिमत्ता का परिचय देते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाया और ट्रेन को घटनास्थल से ठीक पहले रोक दिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। ​घटना की सूचना मिलते ही धौनी स्टेशन मास्टर संतोष भगत ने तुरंत वरीय अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। ट्रेन के अचानक रुक जाने से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ताज़ा जानकारी के अनुसार रात 10 बजे तक ट्रेन वहीं खड़ी है। घंटों इंतजार के बाद परेशान होकर कई यात्री पैदल ही अपनी मंजिल की ओर निकल पड़े। इस व्यवधान के कारण भागलपुर-बांका पैसेंजर समेत रूट की अन्य ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से विलंबित हो गई हैं। जहाँ एक ओर स्टेशन मास्टर ने आशंका जताई है कि पास से गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण कंपन से क्लिप खुल गए होंगे, वहीं किलोमीटर 20/16 के पास से सामने आए वायरल वीडियो ने मामले को संदिग्ध बना दिया है। वीडियो में पटरियों के कई क्लिपें अपनी जगह से खुले हुए दिख रहे हैं, जिसे देख स्थानीय लोग इसे तकनीकी खामी न मानकर असामाजिक तत्वों की किसी बड़ी साजिश का हिस्सा बता रहे हैं। गौरतलब है कि महज एक दिन पूर्व गुरुवार को ही मालदा डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने इसी रूट का औचक निरीक्षण किया था और उसके ठीक अगले दिन ऐसी गंभीर सुरक्षा चूक का सामने आना कई सवाल खड़े करता है। फिलहाल, रेलवे की टीम युद्धस्तर पर पटरी को दुरुस्त करने में जुटी है।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments