बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत: 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के तहत आयोजित जन सुनवाई कैंप में कई समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान

बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत: 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के तहत आयोजित जन सुनवाई कैंप में कई समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान

​रजौन,बांका :- बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित और स्थायी समाधान के लिए विद्युत विभाग ने एक अहम पहल की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना-3 के अंतर्गत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से बिहार राज्य ऊर्जा सचिव सह बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के सीएमडी मनोज कुमार सिंह ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के आलोक में अब राज्य के सभी विद्युत कार्यालयों में शिकायतों की सुनवाई के लिए एक नियमित समय सारिणी तय कर दी गई है, जिसके तहत प्रत्येक सोमवार को दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक और शुक्रवार को दोपहर 3 बजे से 4:30 बजे तक सभी अंचल, प्रमंडल, अवर प्रमंडल और सेक्शन कार्यालयों में अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। इसी आदेश के अनुपालन में शुक्रवार (30 जनवरी) को रजौन विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल के सहायक विद्युत अभियंता बिजेंद्र कुमार के नेतृत्व में रजौन, सकहारा और धोरैया विद्युत आपूर्ति प्रशाखाओं में जन सुनवाई कैंप का आयोजन किया गया। ​इस अभियान के दौरान अवर प्रमंडल कार्यालय में स्वयं एसडीओ बिजेंद्र कुमार मौजूद रहे, जहाँ प्राप्त कुल 11 आवेदनों में से 5 का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। वहीं विद्युत आपूर्ति प्रशाखा रजौन में कनीय अभियंता अमरजीत चंद्रा की देखरेख में आयोजित शिविर में 9 उपभोक्ताओं ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। दूसरी ओर विद्युत आपूर्ति प्रशाखा सकहारा में जेई राजाराम प्रसाद के नेतृत्व में लगाए गए कैंप में बिल सुधार और नए कनेक्शन सहित अन्य समस्याओं को लेकर 7 उपभोक्ताओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से 3 मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया। यहाँ विशेष रूप से उपभोक्ताओं द्वारा मौके पर 1 लाख 18 हजार रुपये का बिजली बिल भी भुगतान किया गया। इसी प्रकार विद्युत आपूर्ति प्रशाखा धोरैया में जेई रविरंजन कुमार के नेतृत्व में आयोजित कैंप में कुल 7 आवेदन आए, जिनमें से एक समस्या का तत्काल समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों पर विभागीय कार्रवाई जारी है। बता दें कि यह पहल न केवल उपभोक्ताओं की परेशानियों को कम कर रही है, बल्कि विभाग और जनता के बीच बेहतर समन्वय भी स्थापित कर रही है।
रिपोर्ट :- के आर राव 

Post a Comment

0 Comments