रजौन में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई: मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करने वाले 10 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज, लाखों का जुर्माना

रजौन में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई: मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करने वाले 10 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज, लाखों का जुर्माना

रजौन,बांका :-अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा चोरी के विरुद्ध विद्युत विभाग लगातार सघन छापेमारी अभियान चला रही है। इसी कड़ी में सकहारा विद्युत आपूर्ति प्रशाखा के कनीय विद्युत अभियंता राजाराम प्रसाद के नेतृत्व में गठित एक जांच दल ने गुप्त सूचना के आधार पर रजौन थाना क्षेत्र के राजावर, नीमा और खिरजान गांवों में विगत मंगलवार (17 फरवरी) को सघन छापेमारी अभियान चलाया, जहां अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा चोरी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए जेई ने 10 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस सम्बंध में जेई राजाराम प्रसाद ने बताया कि इस छापेमारी दल में उनके अलावा मानवबल नवल किशोर सिंह, चंदन कुमार और राजेश कुमार शामिल थे। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान जांच दल ने पाया कि कई लोग स्मार्ट मीटर को बाईपास करके या मुख्य एलटी लाइन में सीधे पीवीसी तार जोड़कर बिजली की चोरी कर रहे थे। राजावर गांव में नीतीश कुमार पर कुल देय राशि 5,344 रुपये, विशेश्वर मंडल पर 20,136 रुपये, शैलेन्द्र साह पर केवल राजस्व क्षति 30,618 रुपये, राधा पासवान पर 29,331 रुपये, जीछिया देवी पर 9,966 रुपये और छोटू कुमार के व्यवसायिक परिसर पर 21,511 रुपये का जुर्माना व बकाया राशि का आकलन किया गया है। इसी प्रकार नीमा गांव में निरंजन यादव पर 16,893 रुपये और उदय यादव पर 17,932 रुपये की राजस्व क्षति दर्ज की गई है। वहीं खिरजान गांव में विजय कुमार दास पर कुल 49,843 रुपये और पंकज हरिजन पर 23,924 रुपये का जुर्माना व बकाया लगाया गया है। ​विभाग द्वारा बिजली चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे तारों को आंशिक रूप से जब्त कर लिया गया है। रजौन पुलिस ने कनीय विद्युत अभियंता राजाराम प्रसाद के लिखित आवेदन पर भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पीटीसी प्रभात कुमार को इस मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रिपोर्ट:-केआर राव 

Post a Comment

0 Comments