रजौन, बांका :-बांका पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रजौन पुलिस ने एक बड़े ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 13.3 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद किया है। इस मामले का आधिकारिक उद्भेदन मंगलवार को बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने किया, जबकि छापेमारी सोमवार की शाम को ही अंजाम दी गई थी। पुलिस ने मौके से मुख्य सरगना सहित 3 तस्करों को एनडीपीएस एक्ट के तहत और वहां मौजूद 7 अन्य संदिग्धों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता- 2023 (बीएनएसएस) की धारा 128 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटनाक्रम के अनुसार रजौन थानाध्यक्ष राज रतन को सोमवार की शाम करीब 5 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि रजौन बाजार में ब्लॉक मोड़ के पास गुलशन कुमार अपने दो मंजिला मकान के प्रथम तल्ले पर नशीले पदार्थों का कारोबार कर रहा है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रखंड राजस्व अधिकारी सुरजेश्वर श्रीवास्तव को दंडाधिकारी के रूप में साथ लिया गया और शाम करीब 5:45 बजे मकान की घेराबंदी की गई, जहां पुलिस को देखते ही कमरे में मौजूद युवक भागने की कोशिश करने लगे जिन्हें सशस्त्र बल के सहयोग से दबोच लिया गया। दंडाधिकारी की मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी 30 वर्षीय गुलशन कुमार की पैंट की जेब से 5.5 ग्राम ब्राउन शुगर और एक आईफोन बरामद हुआ, जबकि दूसरे आरोपी 24 वर्षीय आलोक कुमार के पास से 4.7 ग्राम ब्राउन शुगर और मोबाइल तथा तीसरे आरोपी 34 वर्षीय मितेश कुमार द्वारा सिगरेट के खाली डिब्बे में छिपाकर रखी गई सिल्वर पेपर की 6 पुड़िया मिली, जिसका वजन 3.1 ग्राम पाया गया। पुलिसिया पूछताछ में इस रैकेट के तार भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र से जुड़े मिले हैं। पुलिस ने मुख्य तस्कर गुलशन कुमार, आलोक कुमार और मितेश कुमार पर एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं मौके से संदिग्ध अवस्था में पकड़े गए 7 अन्य युवकों अमित कुमार, रौशन कुमार, सुधांशु शेखर, शांतनु कुमार, सौरभ सुभन के अलावे धोरैया थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी मो. जफर आलम और मो. नबीउल्लाह के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 128 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया गया। इस सफल ऑपरेशन में रजौन थानाध्यक्ष राज रतन, एसआई संजय कुमार सिंह, एएसआई पवन कुमार, महिला सिपाही रेबी कुमारी व सीता कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
रिपोर्ट:- केआर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...