आम बजट 2026-27: विकास और सुधारों का अनूठा संगम - सीए कमल किशोर

आम बजट 2026-27: विकास और सुधारों का अनूठा संगम - सीए कमल किशोर

रजौन,बांका : ​प्रखंड के मझगांय निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) कमल किशोर ने रविवार को पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026-27 को आर्थिक मजबूती और कर सुधारों का एक बेहतरीन संतुलन बताया है। उनके अनुसार बुनियादी ढांचे के लिए ₹12.2 लाख करोड़ का ऐतिहासिक आवंटन और राजकोषीय घाटे पर नियंत्रण रखना, देश की सुदृढ़ वित्तीय स्थिति का स्पष्ट संकेत है। ​आम करदाताओं के लिए यह बजट विशेष राहत लेकर आया है। 'नया आयकर अधिनियम 2025' का प्रस्ताव और अनुपालन नियमों में ढील देना सरकार की उदार नीति को दर्शाता है। सीए किशोर ने विशेष रूप से संशोधित रिटर्न (Revised ITR) दाखिल करने की समयसीमा में बदलाव का स्वागत किया है। इस समयसीमा को 31 दिसंबर से बढ़ाकर 31 मार्च कर दिया गया है, जिससे करदाताओं को अपनी त्रुटियां सुधारने के लिए तीन महीने का अतिरिक्त समय मिलेगा और कर संबंधी जटिलताएं काफी कम हो जाएंगी। ​इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य और युवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। कैंसर की दवाओं को सीमा शुल्क से मुक्त करना और कौशल विकास पर जोर देना, इस बजट को 'अंत्योदय' की भावना और आधुनिक भारत की प्रगति के प्रति समर्पित बनाता है।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments