सुशासन की ओर बांका प्रशासन: 'सात निश्चय-3' के तहत डीएम नवदीप शुक्ला ने सुनी जनसमस्याएं, कई मामलों का हुआ तत्काल समाधान

सुशासन की ओर बांका प्रशासन: 'सात निश्चय-3' के तहत डीएम नवदीप शुक्ला ने सुनी जनसमस्याएं, कई मामलों का हुआ तत्काल समाधान

​बांका :-बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी 'सात निश्चय- 3' के तहत सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” को धरातल पर उतारने के लिए बांका जिला प्रशासन ने एक अहम पहल की है। प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, संवेदनशील और जनता के प्रति जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिले भर में जनसुनवाई की गई। इसी कड़ी में बांका समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में जिला पदाधिकारी (डीएम) नवदीप शुक्ला की अध्यक्षता में आमजनों की समस्याओं की विस्तार से सुनवाई हुई। ​इस दौरान प्रशासन का पूरा फोकस लोगों को त्वरित राहत पहुंचाने पर रहा, जिसके परिणामस्वरूप कई मामलों का मौके पर ही (ऑन-द-स्पॉट) समाधान कर दिया गया। वहीं जिन जटिल शिकायतों का तुरंत निपटारा नहीं हो सका, उनके त्वरित निष्पादन के लिए डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के सख्त निर्देश दिए हैं। ​इस विशेष पहल का असर केवल जिला मुख्यालय तक ही सीमित नहीं रहा; जिले के सभी जिला स्तरीय और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में मौजूद रहकर आम नागरिकों की फरियाद सुनी और उनकी समस्याओं का निराकरण किया। जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त हिदायत दी है कि वे निर्धारित दोनों कार्य दिवसों में अनिवार्य रूप से अपने कार्यालयों में उपस्थित रहें और जनसमस्याओं के समाधान को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएं। बांका प्रशासन की यह कवायद आम लोगों के जीवन को आसान बनाने और सुशासन स्थापित करने की दिशा में एक बेहद सराहनीय कदम है।
रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments