बांका में मैट्रिक परीक्षा की तैयारी पूरी: जूता-मोजा पर रोक, 30 मिनट पहले गेट बंद; डीएम-एसपी ने जारी किए सख्त निर्देश

बांका में मैट्रिक परीक्षा की तैयारी पूरी: जूता-मोजा पर रोक, 30 मिनट पहले गेट बंद; डीएम-एसपी ने जारी किए सख्त निर्देश

​बांका :-  जिले में आगामी 17 फरवरी से शुरू हो रही वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) परीक्षा-2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला और पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित ब्रीफिंग में अधिकारियों को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन का संकल्प दिलाया गया। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर जूता-मोजा पहनकर प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा, परीक्षार्थियों को केवल चप्पल पहनकर ही केंद्र में आना होगा। साथ ही, समय पालन को लेकर भी कड़े नियम लागू किए गए हैं। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे और द्वितीय पाली की दोपहर 2 बजे शुरू होगी, लेकिन परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले (क्रमशः 9:00 बजे और 1:30 बजे) तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद पहुंचने वाले छात्रों को किसी भी सूरत में प्रवेश नहीं मिलेगा। ​परीक्षा कक्ष में मोबाइल, ब्लूटूथ, पेजर, व्हाइटनर और इरेजर जैसे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कदाचार रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और चार स्तरों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की दुकानों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। छात्रों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सिविल सर्जन को मेडिकल टीम और अग्निशमन विभाग को फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। विधि-व्यवस्था संधारण के लिए अनुमंडल कार्यालय में एक जिला नियंत्रण कक्ष (दूरभाष: 06424-222225) स्थापित किया गया है। ज्ञात हो कि यह परीक्षा 17 से 25 फरवरी 2026 तक (22 फरवरी को छोड़कर) दो पालियों में संचालित होगी।

रिपोर्ट :- केआर राव 


Post a Comment

0 Comments