कार से 47 बोतल विदेशी शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, भेजे गए जेल

कार से 47 बोतल विदेशी शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, भेजे गए जेल

​रजौन,बांका:- अवैध शराब कारोबार पर नकेल कसने के लिए लगातार अभियान चला रही नवादा बाजार सहायक थाना की पुलिस को बुधवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नवादा-राजावर सड़क मार्ग पर स्थित राजबांध के समीप एक टाटा इंडिगो कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। ​इस संबंध में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त मार्ग से शराब की खेप गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने राजबांध स्थित निर्माणाधीन नए थाना भवन के पास नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक टाटा इंडिगो गाड़ी को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार के भीतर छिपाकर रखी गई रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की ब्रांड की कुल 47 बोतलें बरामद हुईं। बरामद शराब में 375 एमएल की 32 बोतलें और 750 एमएल की 15 बोतलें शामिल हैं, जिनकी कुल मात्रा 23.25 लीटर है। ​मौके से पुलिस ने वाहन चालक और शराब तस्कर सोमनाथ कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्कर भागलपुर जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र के विरनौध गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया है।

रिपोर्ट :- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments