रजौन ,बांका'- बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को भी रजौन प्रखंड के दोनों केंद्रों पर प्रशासन की सख्ती और चौकसी देखने को मिली। शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में प्रथम पाली में गणित तथा द्वितीय पाली में कला संकाय के राजनीति शास्त्र विषय की परीक्षा संपन्न हुई। रजौन प्रखंड अंतर्गत राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धौनी एवं प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय धौनी-चकसफिया केंद्र पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की गहमागहमी रही, जहाँ प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। ज्ञात हो कि राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धौनी में 18 विद्यालयों के छात्रों का केंद्र है, जबकि प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय में 7 विद्यालयों की छात्राओं का सेंटर पड़ा है। परीक्षा के दूसरे दिन के आंकड़ों पर गौर करें तो राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धौनी केंद्र पर केंद्राधीक्षक राकेश रंजन की देखरेख में प्रथम पाली में 378 में से 373 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 5 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, इसी केंद्र पर द्वितीय पाली में 396 में से 392 परीक्षार्थी मौजूद रहे और 4 अनुपस्थित पाए गए। दूसरी ओर, प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय धौनी-चकसफिया में केंद्राधीक्षक मनोज कुमार पंडित के नेतृत्व में प्रथम पाली में 56 में से 55 छात्राओं ने हिस्सा लिया (1 अनुपस्थित), जबकि द्वितीय पाली में 82 में से 81 परीक्षार्थी उपस्थित रहीं और यहाँ भी 1 छात्रा अनुपस्थित रही। वहीं, 4 फरवरी को शब-ए-बारात के मद्देनजर जारी अवकाश को लेकर एक दिन के अंतराल के बाद 5 फरवरी को पुनः परीक्षा शुरू होगी, जिसमें प्रथम पाली में भौतिकी एवं द्वितीय पाली में भूगोल व बिजनेस स्टडीज के पेपर होंगे। कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा का अभेद्य चक्र तैयार कर रखा है। राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी के रूप में आरओ सुरजेश्वर श्रीवास्तव व बीएओ अरविंद कुमार और पुलिस पदाधिकारी एसआई संजय कुमार मुस्तैद दिखे, तो वहीं प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय में बीपीआरओ आकांक्षा प्रियदर्शी, बीसीईओ सन्नी कुमार और एसआई जया भारती ने मोर्चा संभाला। इसके अलावा पूरी व्यवस्था पर निगरानी रखने के लिए गश्ती दंडाधिकारी के रूप में बीसीईओ सह बीईओ सोयम चक्रपाणि कनिष्क व एसआई हृदयानंद यादव, जोनल दंडाधिकारी के रूप में डीआरडीए निदेशक श्रीनिवास व सुईया के एसआई आकाश आर्यन लगातार भ्रमणशील रहे। वहीं, उड़नदस्ता सह सुपर जोनल दंडाधिकारी के रूप में जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार और पुलिस इंस्पेक्टर अमेरिका राम ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
रिपोर्ट :- केआर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...