हरित संदेश के साथ संपन्न हुआ विवाह समारोह, अतिथियों और बारातियों को उपहार में बांटे गए 700 पौधे

हरित संदेश के साथ संपन्न हुआ विवाह समारोह, अतिथियों और बारातियों को उपहार में बांटे गए 700 पौधे

​रजौन, बांका :- रजौन बाजार में एक पिता ने अपनी बेटी की शादी में पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देकर समाज के सामने एक बेहतरीन मिसाल कायम की है। रजौन स्थित 'अनुकल्प नर्सरी' के संचालक नृपनंदन कुमार ने अपनी सुपुत्री कृतिका के शुभ विवाह को पूर्ण रूप से प्रकृति के प्रति समर्पित करते हुए एक बेहद प्रशंसनीय पहल की। उन्होंने समारोह में आए अतिथियों और बारातियों का स्वागत पारंपरिक उपहारों के साथ-साथ लगभग 700 औषधीय, सजावटी और पुष्पीय पौधे भेंट कर किया। इन पौधों में तुलसी, शमी, गिलोय, गुलाब, गेंदा और अड़हुल जैसे कई उपयोगी और पर्यावरण-हितैषी पौधे शामिल थे। ​आज के समय में जब जलवायु परिवर्तन और वैश्विक पर्यावरणीय संकट एक गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है, ऐसे में एक पारिवारिक उत्सव को ऐसा हरित स्वरूप देना समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। समारोह में उपस्थित लोगों ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और इसे आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित और हरित भविष्य देने की दिशा में एक सार्थक कदम बताया। इस अवसर पर 'हरित रजौन' के सुमित कुमार ने कहा कि "विवाह जैसे मांगलिक अवसरों पर यदि प्रत्येक परिवार कम से कम एक पौधा रोपने का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में पर्यावरणीय संतुलन को काफी हद तक मजबूत किया जा सकता है। यह हमारी भावी पीढ़ियों के प्रति एक नैतिक जिम्मेदारी है।" ​सकारात्मक ऊर्जा से भरा यह आयोजन सिर्फ एक विवाह समारोह न रहकर पर्यावरण संरक्षण का एक सशक्त जनसंदेश बन गया। इस शुभ और प्रेरणादायक मौके पर कृतिका के दादा जी ओंकार प्रसाद सिंह, पिता नृपनंदन कुमार, मामा इंद्रजीत और फूफा उमेशचंद्र वर्मा के साथ-साथ वरिष्ठ पत्रकार कुमुद रंजन राव, प्रीतम कुमार राव, पर्यावरण मित्र प्रियरंजन, आलोक, कन्हैयालाल सिंह, मिथुन, डॉ. रवि रंजन सहित सैकड़ों पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस बेहतरीन पहल की सराहना की और नवदंपति को आशीर्वाद दिया।

रिपोर्ट '- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments