बांका के लाल राकेश को प्रधानमंत्री का स्नेह पत्र: 'प्रेरणा' से मिली नई उड़ान, पीएम मोदी ने बताया विकसित भारत की ऊर्जा

बांका के लाल राकेश को प्रधानमंत्री का स्नेह पत्र: 'प्रेरणा' से मिली नई उड़ान, पीएम मोदी ने बताया विकसित भारत की ऊर्जा


​बांका : जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभा ने अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेरी है। बौंसी प्रखंड के बांक-ललमटिया गांव निवासी किरानी हेम्ब्रम के पुत्र और उत्क्रमित उच्च विद्यालय बभनगामा के 10वीं कक्षा के छात्र राकेश हेम्ब्रम के लिए वह पल अविस्मरणीय बन गया, जब डाकिया उनके घर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भेजा हुआ स्नेह भरा पत्र लेकर पहुंचा। दरअसल, राकेश ने हाल ही में गुजरात के वडनगर स्थित प्रधानमंत्री के गृह नगर में आयोजित प्रतिष्ठित 'प्रेरणा' कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। राकेश की सक्रियता और उनके विचारों से प्रभावित होकर प्रधानमंत्री ने 13 जनवरी 2025 को लिखे अपने पत्र में उन्हें 'शुभाशीष' देते हुए कहा है कि यह देखना सुखद है कि भारत की संस्कृति और संस्कार से जुड़ने की उनकी प्रतिबद्धता को नया आयाम मिला है। पीएम मोदी ने अपने पत्र में राकेश जैसे युवाओं को 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की अहम ऊर्जा बताते हुए लिखा कि जीवन में हमेशा कुछ नया सीखने और समझने की चाह ही उन्हें सफलता की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। प्रधानमंत्री से मिले इस व्यक्तिगत संवाद ने न केवल राकेश और उनके परिवार को, बल्कि पूरे बांका जिले को गौरवान्वित कर दिया है। इससे यह साबित होता है कि प्रतिभा गांव की पगडंडियों से निकलकर देश के सर्वोच्च शिखर तक अपनी पहचान बना सकती है। इस बड़ी उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकों के साथ-साथ बांका जिले के शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी अपार खुशी जाहिर की है। उन्होंने इसे पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण बताते हुए राकेश के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की है और उम्मीद जताई है कि उनकी यह सफलता क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Post a Comment

0 Comments