महाशिवरात्रि व होली पर हुड़दंगियों की अब खैर नहीं: बांका पुलिस 'अलर्ट मोड' में, एसपी ने कसी नकेल

महाशिवरात्रि व होली पर हुड़दंगियों की अब खैर नहीं: बांका पुलिस 'अलर्ट मोड' में, एसपी ने कसी नकेल

​बांका: आगामी महाशिवरात्रि और रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बांका जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह 'एक्शन मोड' में आ गया है। त्योहारों के मद्देनजर विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से बांका एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने मंगलवार को जिले के सभी थानाध्यक्षों और वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण 'क्राइम मीटिंग' की, जिसमें सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि महाशिवरात्रि, होली और आसन्न पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए जिले भर में सुरक्षा का घेरा सख्त किया जाएगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ​बैठक के दौरान एसपी ने निर्देश दिया कि सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस गश्ती तेज की जाए, विशेष छापेमारी अभियान चलाया जाए और लंबित पुराने मामलों के अनुसंधान में तेजी लाई जाए। उन्होंने खासतौर पर असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों पर पैनी नजर रखने की हिदायत दी, साथ ही संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। एसपी ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। ​वहीं पुलिसिंग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए बैठक में उन्हें सम्मानित भी किया गया। इधर पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इन त्योहारों को आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ मनाएं तथा अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि बांका में अमन-चैन कायम रहे।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments