बांका: चांदन पंचायत के किसानों का धान बिरनिया पैक्स अध्यक्ष द्वारा खरीदने से पूरी तरह से इंकार करने के कारण यहां के किसान शिकायत लेकर जहां कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं वहीं अधिकतर किसान अपना धान औने पौने में दलाल और दुकानदार के पास बाजार में बेचने को विवश है। इस संबंध में स्थानीय निवासी रमेश राय,दीपक सिंहा,बसंत राय,मंजू देवी सहित कई दर्जन किसानों ने बिरनिया पैक्स अध्यक्ष संगीता देवी और उसके पति राकेश कुमार राय पर आरोप लगाया है कि चांदन पैक्स की धान खरीद की अनुमति नहीं होने के कारण यहां के किसानों को बिरनिया पैक्स में जोड़ कर उसे अपना धान उसी पैक्स में बेचने को कहा गया है। लेकिन चांदन पंचायत के किसानों का धान वहां नहीं खरीदा जा रहा है बल्कि बाजार से और देवघर से धान खरीद कर गोदाम भरा जा रहा है। जिससे किसान को धान का सही दाम नहीं मिल रहा है और वे धान बाजारों में बेचने पर मजबूर हैं। इसी प्रकार की शिकायत कुसुमजोरी पैक्स के किसान भी कर रहे हैं। जहां देवघर से धान लाकर गोदाम में धान भरने का विरोध करने पर एक युवक की पिटाई भी की गई थी।फिर भी वहां के किसानों का धान भी पैक्स द्वारा नहीं खरीदा जा रहा है।इस आशय का कई आवेदन डीएम,जिला सहकारिता पदाधिकारी,प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को देकर जांच की मांग करते हुए कुसुमजोरी और बिरनिया पैक्स अध्यक्ष को किसानों का धान खरीदने का आदेश दिया जाय।इस संबंध में बिरनिया पैक्स अध्यक्ष संगीता देवी ने कहा कि धीरे धीरे सभी का धान खरीदा जा रहा है।धान नहीं खरीदने का आरोप पूरी तरह गलत है।

0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...