​रफ्तार का कहर: रजौन में नाबालिग बाइक सवार ने स्कूल से लौट रहे मासूम को मारी टक्कर, दोनों की हालत गंभीर, मायागंज रेफर

​रफ्तार का कहर: रजौन में नाबालिग बाइक सवार ने स्कूल से लौट रहे मासूम को मारी टक्कर, दोनों की हालत गंभीर, मायागंज रेफर

​रजौन, बांका :-भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर रजौन थाना क्षेत्र के बनगांव के समीप सोमवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहाँ एक तेज रफ्तार बाइक सवार नाबालिग ने स्कूल से घर लौट रहे 7 वर्षीय बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में जहां मासूम बच्चे के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं टक्कर मारने वाला बाइक सवार भी बुरी तरह जख्मी हो गया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि धोरैया निवासी जयराम पासवान का 16 वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार अपनी बाइक से पुनसिया की ओर से काफी तेज गति में आ रहा था। इसी दौरान बनगांव के समीप उसने सड़क पार कर रहे स्थानीय निवासी नित्यानंद मंडल के 7 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार को अपनी चपेट में ले लिया। ​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चा दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को आनन-फानन में रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे और घायल बाइक सवार को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया है। परिजनों के मुताबिक सत्यम की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर नाबालिगों द्वारा तेज रफ्तार में वाहन चलाने पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments