रजौन में सक्रिय हुआ ठगों का गिरोह, राशन और जीविका के नाम पर ग्रामीणों को बना रहे शिकार

रजौन में सक्रिय हुआ ठगों का गिरोह, राशन और जीविका के नाम पर ग्रामीणों को बना रहे शिकार

​रजौन,बांका :- रजौन प्रखंड के सुदूर ग्रामीण इलाकों में इन दिनों ठगों और बिचौलियों का एक गिरोह सक्रिय हो गया है, जो गरीब, अनपढ़ और भोले-भाले ग्रामीणों को अपना शिकार बना रहा है। ये शातिर लोग सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर जरूरतमंदों की गाढ़ी कमाई पर डाका डाल रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ संदिग्ध व्यक्ति गांवों में घूम-घूमकर लोगों को राशन कार्ड बनवाने, वृद्धावस्था या विधवा पेंशन शुरू करवाने और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का प्रलोभन देते हैं। इतना ही नहीं ये ठग अब जीविका समूह से 10 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि दिलाने और बैंकों से आसानी से ऋण पास करवाने का झांसा देकर भी लोगों को गुमराह कर रहे हैं। ​इस पूरे खेल में सबसे चिंताजनक बात यह सामने आई है कि कमीशनखोरी के चक्कर में गांव के ही कुछ लोग इन बाहरी ठगों का सहयोग कर रहे हैं। गांव का अपना व्यक्ति होने के कारण भोले-भाले ग्रामीण उन पर आसानी से भरोसा कर लेते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं। काम जल्दी करवाने, फाइल आगे बढ़ाने या लोन स्वीकृत कराने के नाम पर ये गिरोह ग्रामीणों से 'सुविधा शुल्क' के तौर पर अवैध वसूली करते हैं और फिर गायब हो जाते हैं। प्रशासन और बुद्धिजीवी वर्ग ने आम लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी बिचौलिये के झांसे में न आएं। सरकारी योजनाओं या बैंक ऋण के लिए सीधे अपने पंचायत कार्यालय, ब्लॉक मुख्यालय या संबंधित बैंक शाखा में संपर्क करें और यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या उनका सहयोग करने वाला स्थानीय दलाल नजर आए, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन या जनप्रतिनिधियों को दें।

Post a Comment

0 Comments