​रजौन,बांका :- भागलपुर-मंदारहिल रेलखंड के ऐतिहासिक धौनी रेलवे स्टेशन की उपेक्षा और यात्री सुविधाओं के अभाव को लेकर रेल संघर्ष समिति धौनी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) मिलिंद देउस्कर से भेंट की। धौनी रेलवे स्टेशन संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल में मोरामा निवासी व महात्मा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के पूर्व कुलपति मनोज सिंह, डीएन सिंह कॉलेज, भूसिया के पूर्व प्राचार्य प्रो. जीवन प्रसाद सिंह, विष्णुदेव ठाकुर, प्रमोद सिंह वेल्डन और प्रकाश कुमार पंकज जैसे गणमान्य लोग शामिल थे, जिन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। ​प्रतिनिधिमंडल ने जीएम को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपते हुए धौनी स्टेशन पर कविगुरु एक्सप्रेस (13015/13016) और गंगा दामोदर एक्सप्रेस (13333/13334) के ठहराव की पुरजोर मांग की। इसके साथ ही समिति ने अवगत कराया कि ब्रिटिश काल से ही जनोपयोगी रहे इस स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के रुकने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों और छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावे यात्रियों की सुविधा और राजस्व वृद्धि के लिए स्टेशन पर आरक्षण काउंटर पुनः चालू करने, प्लेटफॉर्म संख्या-2 के पूर्वी क्षेत्र में नया गेट खोलने, सुरक्षित गाड़ी पार्किंग की व्यवस्था करने तथा प्लेटफॉर्म संख्या 1 व 2 पर धूप व वर्षा से बचाव के लिए अतिरिक्त यात्री शेड के निर्माण की मांग की गई। ​संघर्ष समिति के सदस्यों ने जीएम को याद दिलाया कि पूर्व में भी स्थानीय सांसद के साथ हुई बैठकों में इन मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिले थे, लेकिन धरातल पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि धौनी स्टेशन अंग क्षेत्र की धरोहर है और इसकी सुविधाओं का विस्तार न होना क्षेत्रीय जनता के साथ अन्याय है। जीएम मिलिंद देउस्कर ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा दिया है।

रिपोर्ट :- के आर राव