रेलवे फेंसिंग से ग्रामीणों का रास्ता बंद होने का खतरा: विधायक मनीष कुमार ने जीएम से की अंडरपास बनाने की मांग

रेलवे फेंसिंग से ग्रामीणों का रास्ता बंद होने का खतरा: विधायक मनीष कुमार ने जीएम से की अंडरपास बनाने की मांग

​रजौन,बांका :-धोरैया विधायक मनीष कुमार ने पूर्व रेलवे के जनरल मैनेजर (जीएम) मिलिंद देउस्कर को पत्र लिखकर अपने विधानसभा क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे हो रही फेंसिंग और लेवल क्रॉसिंग बंद होने से उत्पन्न गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है। विधायक ने बताया कि उन्हें जीएम द्वारा गुरुवार को भागलपुर-मंदारहिल, दुमका व बांका रेलखंड के निरीक्षण की जानकारी मिली थी, लेकिन वर्तमान में विधानसभा सत्र चलने के कारण वे स्वयं उपस्थित होकर समस्याओं को रख पाने में असमर्थ थे, इसलिए उन्होंने पत्र के माध्यम से ही क्षेत्र की जनता की मांग रखी है। अपने पत्र में विधायक ने लिखा है कि उनके विधानसभा क्षेत्र के बीच से ब्रॉड गेज रेलवे लाइन गुजरती है, जहां कई लेवल क्रॉसिंग मौजूद हैं, जिनका उपयोग स्थानीय लोग दैनिक आवागमन के लिए करते हैं। उन्होंने चिंता जताई कि रेलवे प्रशासन द्वारा सुरक्षा पहलों के तहत 'ट्रैक-साइड फेंसिंग' का कार्य प्रस्तावित है, जिसके चलते कई मौजूदा लेवल क्रॉसिंग और वहां बनी सरकारी ग्रामीण सड़कों के बंद होने की संभावना है। विधायक ने जीएम को अवगत कराया कि कई गांवों के लिए ये क्रॉसिंग ही संपर्क का एकमात्र साधन हैं और इनके बंद होने से आपातकालीन सेवाओं व कृषि कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। जनहित को ध्यान में रखते हुए विधायक ने रेलवे जीएम से पुरजोर मांग की है कि फेंसिंग और लेवल क्रॉसिंग बंद करने से पहले उन स्थानों पर तकनीकी व्यवहार्यता के अनुसार रोड अंडर ब्रिज या पैदल यात्री अंडरपास का निर्माण कराया जाए, ताकि विकास कार्यों के चलते ग्रामीणों का रास्ता अवरुद्ध न हो।

रिपोर्ट :- के आर राव 

Post a Comment

0 Comments