पैक्स में 'भ्रमण-दर्शन' कार्यक्रम का आयोजन, भागलपुर से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का हुआ भव्य स्वागत

पैक्स में 'भ्रमण-दर्शन' कार्यक्रम का आयोजन, भागलपुर से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का हुआ भव्य स्वागत


​रजौन,बांका :- बिहार सरकार के सहकारिता विभाग के निर्देशानुसार, सहकारिता क्षेत्र में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को रजौन प्रखंड अंतर्गत रजौन (नरीपा) पैक्स गोदाम में एक दिवसीय 'प्रशिक्षण सह भ्रमण-दर्शन' कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत भागलपुर जिले के रंगरा गोपालपुर, इस्माइलपुर एवं सबौर प्रखंड के पैक्स अध्यक्षों और उनके प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल रजौन पहुंचा। कार्यक्रम की शुरुआत में रजौन पैक्स अध्यक्ष विभाष साह ने आगंतुक अतिथियों और पदाधिकारियों का फूल-माला एवं अंग-वस्त्र भेंट कर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पैक्स संचालन, धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया, गोदाम प्रबंधन, सफल लेखा संधारण और किसानों को दी जा रही विभिन्न सरकारी सुविधाओं की बारीकियों को समझा। पैक्स अध्यक्ष विभाष साह ने रजौन पैक्स की कार्यप्रणाली, हालिया उपलब्धियों और नवाचारों के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की। ​भ्रमण के दौरान प्रतिनिधियों ने नरीपा पैक्स के गोदाम का भौतिक निरीक्षण किया और संचालन की जमीनी प्रक्रियाओं को नजदीक से देखा। उपस्थित प्रतिनिधियों ने इस पहल को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन पर बल दिया, ताकि विभिन्न पैक्सों के बीच आपसी समन्वय और तकनीकी समझ को सुदृढ़ किया जा सके। ​इस विशेष अवसर पर रजौन बीसीईओ सन्नी कुमार, रजौन व्यापार मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार पटेल, पैक्स अध्यक्ष रामसेवक यादव, दिवाकर सिंह, नकुलदेव गुप्ता, श्रवण सिंह, शंभूनाथ वर्मा, नितेश कुमार उर्फ बंटी साह, सूरज कुमार, सन्नी कुमार एवं दिवाकर कुमार साह सहित विभिन्न पैक्सों के प्रबंधक, सदस्य और सहकारिता विभाग के कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। यह भ्रमण कार्यक्रम सहकारिता के क्षेत्र में आपसी सहयोग और बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments