सर्वाधिक लंबित कांड रजौन थाने में; एसपी ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश, पंचायत चुनाव और शराबबंदी पर भी कसी नकेल

सर्वाधिक लंबित कांड रजौन थाने में; एसपी ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश, पंचायत चुनाव और शराबबंदी पर भी कसी नकेल

​रजौन,बांका :- बांका पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने शनिवार को रजौन थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। थाना पहुंचने पर सबसे पहले पुलिस कर्मियों द्वारा उन्हें विधिवत गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद उन्होंने निरीक्षण कार्य शुरू किया। मीडिया कर्मियों से बात करते हुए एसपी ने बताया कि पूरे जिले में सर्वाधिक लंबित कांड इसी थाने में हैं, जिसे लेकर उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। ​एसपी ने विधि-व्यवस्था को लेकर कई कड़े आदेश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गंभीर कांडों में फरार चल रहे अभियुक्तों की अविलंब गिरफ्तारी की जाए और वारंट, कुर्की-जब्ती एवं इश्तेहार का तामिला अभियान चलाकर सुनिश्चित करें। इसके अलावा क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन पर पूर्ण रोक लगाने को लेकर भी उन्होंने सख्त हिदायत दी। ​आगामी महाशिवरात्रि, होली और ईद जैसे पर्व-त्योहारों के मद्देनजर उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्ती तेज करने का निर्देश दिया। आसन्न चुनाव को लेकर भी एसपी का रुख कड़ा दिखा। उन्होंने पुलिस को अभी से चुनावी मोड में आने और मतदान में खलल डालने वाले संभावित असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा। शराबबंदी कानून के अनुपालन में किसी भी तरह की कोताही न बरतने की चेतावनी देते हुए एसपी ने चिन्हित ‘हॉटस्पॉट’ पर लगातार छापेमारी और तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने थाना अभिलेखों के रखरखाव और सीसीटीएनएस की समीक्षा करते हुए इसे जल्द से जल्द व्यवस्थित और अपडेट करने की भी नसीहत दी। इस मौके पर बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, रजौन पुलिस अंचल निरीक्षक राजेश कुमार और थानाध्यक्ष राज रतन सहित थाने के अन्य पुलिस पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे।
रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments