छात्राओं की उच्च शिक्षा के लिए धोरैया विधायक मनीष कुमार की बड़ी पहल, विधानसभा में गूंजी महिला डिग्री कॉलेज की मांग

छात्राओं की उच्च शिक्षा के लिए धोरैया विधायक मनीष कुमार की बड़ी पहल, विधानसभा में गूंजी महिला डिग्री कॉलेज की मांग

रजौन ,बांका :-धोरैया विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनीष कुमार ने क्षेत्र की बेटियों की शिक्षा और उनकी परेशानियों को सदन पटल पर प्रमुखता से रखा है। उन्होंने बिहार विधानसभा में शिक्षा मंत्री से 'तारांकित प्रश्न' के माध्यम से सवाल पूछते हुए रजौन और धोरैया प्रखंड में महिला डिग्री कॉलेज खोलने की जोरदार वकालत की है। ​विधायक ने सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि बांका जिले के रजौन और धोरैया प्रखंड में वर्तमान में एक भी महिला डिग्री महाविद्यालय नहीं है। इस कारण यहां की छात्राओं को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए करीब 35 किलोमीटर का लंबा सफर तय कर भागलपुर स्थित सुंदरवती महिला महाविद्यालय (एसएम कॉलेज) जाना पड़ता है। रोजाना इतनी लंबी दूरी तय करना छात्राओं के लिए न केवल असुविधाजनक है, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी चिंता का विषय बना रहता है। ​सदन में समस्या को विस्तार से रखते हुए विधायक ने बताया कि स्थानीय स्तर पर कॉलेज न होने और भागलपुर की अधिक दूरी होने के कारण क्षेत्र की कई छात्राएं इंटरमीडिएट के बाद अपनी पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाती हैं। इससे कई प्रतिभावान बेटियां उच्च शिक्षा से वंचित रह जा रही हैं। इन गंभीर समस्याओं का हवाला देते हुए विधायक मनीष कुमार ने शिक्षा विभाग से सीधा सवाल किया है कि क्या सरकार छात्रहित में रजौन या धोरैया प्रखंड में से किसी एक स्थान पर महिला डिग्री महाविद्यालय खोलने का विचार रखती है? यदि हाँ, तो यह कब तक संभव हो पाएगा? ​विधायक की इस पहल से क्षेत्र के अभिभावकों और छात्राओं में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उन्हें घर के पास ही उच्च शिक्षा की सुविधा मिल सकेगी, जिससे क्षेत्र में महिला साक्षरता और सशक्तिकरण को बल मिलेगा।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments