मड़नी में खूनी संघर्ष: महिला से अभद्रता और रास्ते के विवाद में चले लाठी-डंडे, आधा दर्जन जख्मी, तीन भागलपुर रेफर

मड़नी में खूनी संघर्ष: महिला से अभद्रता और रास्ते के विवाद में चले लाठी-डंडे, आधा दर्जन जख्मी, तीन भागलपुर रेफर

रजौन,बांका :- रजौन थाना क्षेत्र के धौनी-बामदेव पंचायत अंतर्गत मड़नी गांव में मंगलवार को रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज और एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के बाद मामला और बिगड़ गया। देखते ही देखते दो पक्षों के बीच हुई तीखी नोकझोंक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे और खंती चलने से आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ​इस हिंसक झड़प में मड़नी निवासी पंकज सिंह, मंतोष सिंह एवं संतोष सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी को आनन-फानन में रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि जख्मी मंतोष सिंह की हालत काफी चिंताजनक है और वे जीवन-मौत से जूझ रहे हैं। वहीं मारपीट की इस घटना में अभय ठाकुर, दयानंद पासवान एवं अमन कुमार पासवान नामक तीन मजदूर भी चोटिल हुए हैं, जिनका इलाज रजौन सीएचसी में चल रहा है। इधर घटना की सूचना मिलते ही रजौन पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है।

रिपोर्ट'-के आर राव 

Post a Comment

0 Comments