रजौन, बांका : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में छात्राओं के लिए एक विशेष निःशुल्क दंत स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। भागलपुर के मसाकचक स्थित शारदा डेंटल केयर के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की वार्डन अंजना सिन्हा के नेतृत्व में निकाली गई प्रभात फेरी से हुआ, जिसमें शिक्षिकाओं और छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राएं सलोनी, नीलू, आरती और हिना ने स्वागत गान एवं नशामुक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अतिथियों का अभिनंदन किया। शिविर के मुख्य वक्ता एवं मशहूर दंत चिकित्सक डॉ. शुभांकर कुमार सिंह (एमडीएस, पीरियोडॉन्टिस्ट) ने छात्राओं और शिक्षिकाओं को संबोधित करते हुए महिलाओं के जीवन के विभिन्न चरणों जैसे किशोरावस्था, गर्भावस्था और मेनोपॉज के दौरान होने वाले हार्मोनल बदलावों और उनके दांतों व मसूड़ों पर पड़ने वाले प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए स्पष्ट किया कि मसूड़ों से खून आना सामान्य नहीं बल्कि बीमारी का संकेत है और गर्भावस्था में भी सावधानी के साथ दंत उपचार संभव है। इस मौके पर डॉ. सिंह ने करीब 100 छात्राओं की निःशुल्क जांच की, जिसमें उन्होंने पाया कि भगवानपुर और चकमहमूद जैसे क्षेत्रों की छात्राओं में फ्लोराइड युक्त पानी के सेवन के कारण 'डेंटल फ्लोरोसिस' और दांतों में सड़न की गंभीर समस्या है। विशेष रूप से छात्रा शोभा कुमारी, गजाला खातून, साक्षी, श्रुति और संध्या के दांतों में अधिक समस्या पाई गई, जबकि करुणा नामक बच्ची के कान में संक्रमण के कारण दर्द की शिकायत मिली। जांचोपरांत सभी छात्राओं के बीच टूथपेस्ट एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया। डॉ. शुभांकर ने विद्यालय प्रशासन को बच्चों की रेगुलर मॉनिटरिंग की सलाह देते हुए सही ब्रशिंग तकनीक और संतुलित आहार पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें सक्रिय भागीदारी निभाने वाली तीन छात्राओं को प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, साथ ही विद्यालय की इस सराहनीय पहल के लिए कस्तूरबा विद्यालय को भी विशेष सम्मान दिया गया। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में प्रखंड साधन शिक्षक बिनय प्रसाद, शिक्षिका रुक्मणी, कंचन, अंजना कुमारी अंजू, मीणा हेंब्रम, लेखापाल विद्या भारती, रिंकू कुमारी और आदेशपाल पुष्पा कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में डॉ. सिंह ने विद्यालय परिवार और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनसेवा के कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया।
रिपोर्ट :- केआर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...