बांका पुलिस लाइन में हड़कंप,भोजन से 100 से अधिक जवान बीमार

बांका पुलिस लाइन में हड़कंप,भोजन से 100 से अधिक जवान बीमार

बांका: जिले से शुक्रवार को एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई हैं। जहां पुलिस लाइन में परोसा गया दोपहर का भोजन जवानों के लिए 'जहर' साबित हुआ। पुलिस लाइन मेस में खाना खाने के कुछ ही देर बाद एक साथ 100 से अधिक जवानों की तबीयत खराब होने लगी। देखते ही देखते पूरा परिसर एम्बुलेंस के सायरन से गूंज उठा और पूरे विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर को मेस में जवानों के लिए फ्राइड राइस और चना छोला तैयार किया गया था। ड्यूटी से लौटे जवानों ने जब यह भोजन ग्रहण किया, तो उसके कुछ ही समय बाद उन्हें पेट दर्द, जी मिचलाने और उल्टी-दस्त की गंभीर शिकायतें होने लगीं। बीमार जवानों की संख्या इतनी तेजी से बढ़ी कि स्वास्थ्य प्रशासन को तत्काल अलर्ट पर रहना पड़ा।

गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी जवानों को तुरंत बांका सदर अस्पताल ले जाया गया। एक साथ बड़ी संख्या में मरीजों के आने से अस्पताल में बेड कम पड़ गए, जिसके बाद आनन-फानन में अतिरिक्त बेड और चिकित्सकों की तैनाती की गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, जवानों को प्राथमिक उपचार के तौर पर सलाइन चढ़ाया जा रहा है और चिकित्सकों की एक विशेष टीम उनकी निरंतर निगरानी कर रही है।

इस घटना ने पुलिस लाइन की मेस में मिलने वाले भोजन की स्वच्छता और उपयोग की जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। बीमार जवानों और उनके सहयोगियों के बीच इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि उनकी सुरक्षा में तैनात रहने वाले जवानों के स्वास्थ्य के साथ इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई। मेस की साफ-सफाई को लेकर भी पहले से असंतोष की खबरें सामने आती रही हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं। परोसे गए भोजन के सैंपल को लैब में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि समस्या कच्चे अनाज में थी या बनाने की प्रक्रिया में। अधिकारियों ने भरोसा दिया है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार मेस संचालकों या कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना की सूचना पर डीएम एसपी खुद अस्पताल जाकर जवानों का हालचाल लिया। और उन्हें आश्वस्त किया कि इस मामले में जो भी दोषी होगा,उस पर निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।



Post a Comment

0 Comments