रजौन में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 125 यूनिट मुफ्त बिजली के बावजूद 13 उपभोक्ता धराए, थाने में मामला दर्ज

रजौन में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 125 यूनिट मुफ्त बिजली के बावजूद 13 उपभोक्ता धराए, थाने में मामला दर्ज

​रजौन,बांका:- साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के निर्देश पर बिजली चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन छापेमारी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां रजौन विद्युत प्रशाखा के कनीय अभियंता अमरजीत चंद्रा के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने रजौन थाना क्षेत्र के डुमरिया और बसुवारा गांवों में दबिश देकर कुल 13 उपभोक्ताओं को रंगे हाथ बिजली चोरी करते हुए पकड़ा है। इस पूरी कार्रवाई में सबसे चिंताजनक पहलू यह उभर कर सामने आया कि बिहार सरकार द्वारा पिछले वर्ष अगस्त माह से घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन इसके बावजूद कई उपभोक्ता ईमानदारी से बिजली का उपयोग करने के बजाय अवैध तरीके अपनाकर विभाग को राजस्व की भारी क्षति पहुंचा रहे हैं। छापेमारी के दौरान डुमरिया गांव से कुसुम देवी, जयानन्द शर्मा, लक्ष्मण शर्मा, उमेश यादव, सुरेश प्रसाद यादव, प्रमानन्द यादव एवं शुलो देवी, जबकि बसुवारा गांव से लक्ष्मी देवी, छकु यादव, प्रमिला देवी, दयानन्द सिंह, बिभाष यादव एवं रूपेश यादव के परिसरों में स्मार्ट मीटर को बाईपास कर या सीधे एलटी लाइन में टोका फंसाकर बिजली का उपयोग होते पाया गया। ​इन सभी पर साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को राजस्व की भारी क्षति पहुंचाने के आरोप में लाखों रुपये का सामूहिक जुर्माना लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रजौन विद्युत अवर प्रमंडल के सहायक विद्युत अभियंता बिजेंद्र कुमार एवं कनीय अभियंता अमरजीत चंद्रा ने संयुक्त रूप से दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जब सरकार द्वारा 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा दी जा रही है, तो ऐसी स्थिति में चोरी का कोई औचित्य नहीं बनता और ऐसे उपभोक्ता न केवल विभाग को नुकसान पहुंचा रहे हैं बल्कि सरकार की जनहितकारी योजना का भी दुरुपयोग कर रहे हैं। कार्रवाई की पुष्टि करते हुए जेई ने बताया कि दोषियों के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत रजौन थाना में मामला भी दर्ज करा दिया गया है। छापेमारी दल में टेक्नीशियन पुतुल कुमार, मानवबल अजय कुमार गुप्ता, बुद्धीनाथ यादव और पिंटू पासवान शामिल थे, जिन्होंने मौके से अवैध रूप से प्रयुक्त किए जा रहे सर्विस तारों को जब्त कर लिया है।

रिपोर्ट:-  केआर राव 

Post a Comment

0 Comments