तारापुर (मुंगेर):- क्षेत्र के नगर पंचायत कार्यालय संग्रामपुर में शनिवार को समय 12:30 में आगामी वित्तीय वर्ष 2026–27 के अनुमानित आय-व्यय बजट पर चर्चा एवं अनुमोदन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत के पदाधिकारियों की उपस्थिति में की गई। जिसमें नगर पंचायत क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी रवि शंकर सिंह ने प्रस्तावित बजट का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2026–27 के लिए नगर पंचायत का बजट पिछले वर्षों के अनुभव और वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि बजट में नगर क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने,आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने तथा जल प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है।
प्रस्तावित बजट के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए प्रारंभिक शेष अनुमानित राशि 9 करोड़ 68 लाख 58 हजार 136 रुपये निर्धारित की गई है। इसके साथ ही चालू वित्तीय वर्ष की अनुमानित आय 53 करोड़ 55 लाख 84 हजार 500 रुपये बताई गई, जबकि आगामी वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए कुल अनुमानित आय 63 करोड़ 21 लाख 42 हजार 636 रुपये रहने का अनुमान है। वहीं कुल अनुमानित व्यय 60 करोड़ 04 लाख 98 हजार रुपये रखा गया है। इस प्रकार सभी आय-व्यय का संतुलन स्थापित करते हुए लगभग 2 करोड़ 16 लाख 44 हजार 636 रुपये की अंतिम शेष राशि रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बजट के विभिन्न पहलुओं पर अपने सुझाव भी रखे। कई सदस्यों ने नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने, नालों की नियमित सफाई, सड़क एवं गलियों के मरम्मत कार्य, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था तथा पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही नगर के विकास कार्यों को गति देने के लिए योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने का सुझाव दिया गया।
नगर पंचायत प्रशासन की ओर से बताया गया कि आगामी वर्ष में नगर क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को क्रियान्वित किया जाएगा। इनमें सड़क एवं नाली निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने, जल निकासी प्रणाली को बेहतर करने तथा नागरिक सुविधाओं में वृद्धि करने जैसे कार्य शामिल हैं।
बैठक के अंत में नगर पंचायत के पदाधिकारियों ने सभी जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। सामूहिक प्रयासों से ही संग्रामपुर नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विकसित बनाया जा सकता है।
बैठक शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई एवं बजट से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा के बाद आगे की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। नगर पंचायत प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्तावित बजट के माध्यम से आगामी वित्तीय वर्ष में नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। बैठक में नगर पंचायत के मुख्य पार्षद नीलम देवी,उप पार्षद मनोज साह, वार्ड पार्षद मुकेश कुमार,राजेश केशरी,सरोजनी देवी,आशीष कुमार,कुमारी दीपिका,दीनानाथ यादव सहित अन्य वार्ड पार्षद मौजूद रहे।
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...