* अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जीविका दीदियों का सम्मान।
* 57 संकुल संघों में उत्साहपूर्वक आयोजित हुआ कार्यक्रम।
* जीविका से आत्मनिर्भर बनीं महिलाएँ।
* महिला दिवस पर बेहतर कार्य करने वाली दीदियों को किया गया सम्मानित।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पश्चिम चंपारण जिले में जीविका के सभी 57 संकुल स्तरीय संघों में उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित: सामूदायिक समन्वयक रिंकी कुमारी
“जहाँ महिलाओं का सम्मान किया जाता है वहाँ देवता निवास करते हैं। हमारी संस्कृति में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं को विशेष सम्मान दिया गया है।” इन्हीं शब्दों के साथ जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री आर. के. निखिल ने बेतिया सदर प्रखंड के हिम्मत जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ, गनौली में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का घर और परिवार के प्रति समर्पण ही समाज के सही विकास और निर्माण की नींव है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि लड़का और लड़की के पालन-पोषण में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। एक शिक्षित महिला पूरे परिवार को शिक्षित कर सही दिशा में मार्गदर्शन देती है।
जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित प्र.प.प्रबंधक रत्ना प्रिया रामनगर
इस दौरान उन्होंने जीविका दीदियों की सराहना करते हुए कहा कि सामुदायिक संगठनों के माध्यम से वे लिंग आधारित भेदभाव, बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसे सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चला रही हैं। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता/रोजगार योजना का लाभ उठाकर नए रोजगार शुरू करने और पुराने व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए दीदियों की प्रशंसा की। उन्होंने महिलाओं को सामूहिक रूप से पूंजी निवेश कर बड़े स्तर पर रोजगार शुरू करने की भी सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान हिम्मत संकुल संघ की रेणु देवी ने जीविका के साथ अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं सहायता समूह से 20 हजार रुपये का ऋण लेकर डेयरी व्यवसाय की शुरुआत की थी। आज उनके पास दूध और दूध से बने उत्पादों की अपनी दुकान है, जिससे उनके परिवार की मासिक आय एक से सवा लाख रुपये तक पहुँच गई है।
कार्यक्रम में महिलाओं से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त संकुल संघों में सामाजिक मुद्दों पर संवाद के साथ-साथ मेहंदी प्रतियोगिता, म्यूजिकल चेयर जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान सफल प्रतिभागियों और परियोजना के लिए बेहतर कार्य करने वाली दीदियों को सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व जिला प्रशासन द्वारा समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में रामनगर की प्रखंड परियोजना प्रबंधक रत्ना प्रिया तथा चनपटिया प्रखंड की सामुदायिक समन्वयक रिंकी कुमारी को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने न केवल महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश दिया, बल्कि समाज में समानता और जागरूकता की दिशा में भी एक मजबूत पहल साबित हुआ।
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...