बिजली चोरी के आरोप में सात उपभोक्ताओं पर प्राथमिकी, लाखों का जुर्माना

बिजली चोरी के आरोप में सात उपभोक्ताओं पर प्राथमिकी, लाखों का जुर्माना

रजौन,बांका :- साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के निर्देश पर अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा चोरी करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत विद्युत विभाग को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। रजौन विद्युत अवर प्रमंडल के सहायक विद्युत अभियंता (एसडीओ) बिजेंद्र कुमार एवं रजौन विद्युत आपूर्ति प्रशाखा के कनीय अभियंता (जेई) अमरजीत चंद्रा के संयुक्त नेतृत्व में गठित एक विशेष जांच दल ने विभिन्न गांवों में छापेमारी कर बड़े पैमाने पर हो रही बिजली चोरी का भंडाफोड़ किया है। इस छापेमारी दल में विद्युत एसडीओ और जेई के अलावे टेक्नीशियन पुतुल कुमार, मानवबल उदयकांत पंझा, अजय कुमार गुप्ता, पंकज कुमार, विवेकानंद कुमार एवं पिंटू पासवान शामिल थे। जांच के दौरान टीम ने बाराटीकर, मड़नी, पुनसिया और लीलातरी गांवों में दबिश दी, जहां कुल सात उपभोक्ताओं को अवैध रूप से बिजली का उपभोग करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। ​जांच के क्रम में पाया गया कि उपभोक्ता मीटर बाईपास कर या सीधे एलटी लाइन में अवैध तार जोड़कर बिजली की चोरी कर रहे थे। सबसे गंभीर मामला पुनसिया और लीलातरी में देखने को मिला, जहां स्मार्ट मीटर का बैलेंस खत्म होने और कनेक्शन कटा होने के बावजूद उपभोक्ताओं ने मीटर के टर्मिनल में छेड़छाड़ कर अवैध रूप से बिजली चालू कर रखी थी। इस छापेमारी अभियान के क्रम में बाराटीकर के विनय कुमार, मड़नी के मुर्गी फार्म संचालक संजीव कुमार, पुनसिया के विपिन राय, गुंजा देवी, नीतू देवी, श्रवण राय और लीलातरी की शबनम देवी को दोषी पाया गया है। विभाग के अनुसार इन उपभोक्ताओं पर राजस्व क्षति और पुराने बकाये को मिलाकर लाखों रुपये की राशि देय है, जिसमें गुंजा देवी पर 1.50 लाख और शवनम देवी पर 1.73 लाख रुपये से अधिक का कुल बकाया व जुर्माना शामिल है। ​विद्युत विभाग ने कार्रवाई करते हुए सभी परिसरों से अवैध रूप से प्रयुक्त तारों को जब्त कर लिया है। इधर जेई अमरजीत चंद्रा के लिखित आवेदन पर रजौन थाना में भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और किसी भी सूरत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments