धोरैया विधायक मनीष कुमार ने रजौन के उच्च विद्यालय प्रधानों के साथ की समीक्षा बैठक, जानीं मूलभूत समस्याएं

धोरैया विधायक मनीष कुमार ने रजौन के उच्च विद्यालय प्रधानों के साथ की समीक्षा बैठक, जानीं मूलभूत समस्याएं

​रजौन,बांका:- धोरैया विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनीष कुमार ने गुरुवार को रजौन प्रखंड के अंतर्गत आने वाले सभी 18 उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ करना और विद्यालयों में व्याप्त कमियों को दूर करना रहा। ​बैठक के दौरान विधायक ने बारी-बारी से सभी विद्यालय प्रधानों से उनके संस्थानों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों, शिक्षकों की स्थिति और छात्र-छात्राओं को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए वहां की मूलभूत समस्याओं एवं अभावों के बारे में विस्तार से चर्चा की। विधायक ने आश्वासन दिया कि शिक्षा के स्तर को सुधारने और विद्यालयों की कमियों को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस ​कार्यक्रम की शुरुआत में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सोयम चक्रपाणि कनिष्क एवं बीआरसी परिवार द्वारा विधायक सहित अन्य आगंतुकों का बुके और अंगवस्त्र प्रदान कर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक आशुतोष कुमार चौधरी ने किया। ​इस अवसर पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष अंजनी कुमार चौधरी, पूर्व जिला परिषद सदस्य उमेश कुमार उर्फ पप्पू वर्मा, प्रखंड मुखिया संघ सचिव प्रवीण कुमार सिंह, बीआरसी लेखा सहायक मो. कमरेज आलम और प्रखंड साधन शिक्षक बिनय प्रसाद मुख्य रूप से उपस्थित थे। साथ ही, राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धौनी के प्रधानाध्यापक राकेश रंजन, पूर्व प्रधानाध्यापक कुमार दिनकर, प्रोजेक्ट कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय धौनी-चकसपिया के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार पंडित, आदर्श मध्य विद्यालय धौनी के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार सिंह सहित प्रखंड के सभी 18 उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं अन्य शिक्षाकर्मी मौजूद रहे।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments