रजौन में फाग की तान और गुलाल की बौछार, शांतिपूर्ण संपन्न हुआ रंगोत्सव

रजौन में फाग की तान और गुलाल की बौछार, शांतिपूर्ण संपन्न हुआ रंगोत्सव

​रजौन,बांका:- धुरखेल के साथ शुरू हुआ रंगों का महापर्व होली रजौन प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। इस वर्ष तिथियों के हेरफेर और चंद्रग्रहण के प्रभाव के कारण होली का उत्साह सोमवार से शुरू होकर बुधवार तक परवान पर रहा, जबकि बरौनी सहित कई ग्रामीण इलाकों में गुरुवार को भी होली का खुमार चढ़ा रहा। उत्सव के पहले दिन सोमवार को 'धुरखेल' के दौरान हर उम्र के लोगों ने पारंपरिक रूप से धूल, मिट्टी एवं कीचड़ की होली खेली, वहीं मंगलवार को चंद्रग्रहण व सूतक के चलते मुख्य रंगोत्सव बुधवार को मनाया गया। रजौन थाना एवं नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने होली के गीतों पर थिरकते हुए एक-दूसरे पर अबीर-गुलाल की बारिश की और लजीज पुआ-पकवानों का जमकर आनंद लिया। गांव की गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर ढोलक, हारमोनियम, मंजीरा और मृदंग की थाप पर पारंपरिक फाग गाकर झूमते लोगों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। ​होली के पावन अवसर पर पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रो. विवेकानंद सिंह अपने पैतृक गांव पड़घड़ी पहुंचे और ग्रामीणों के साथ खुशियां साझा कीं। वहीं पूर्व विधायक भूदेव चौधरी ने मंझौनी गांव पहुंचकर पारंपरिक रूप से फाग मना रही टोलियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने न केवल ढोलक की थाप पर लोगों का मनोरंजन किया, बल्कि अपने पुराने अंदाज में फगुआ गाकर माहौल को पूरी तरह से फागुन के रंग में सराबोर कर दिया। रंगोत्सव होली को लेकर जदयू प्रदेश सचिव सह मुखिया प्रतिनिधि मनोज सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि संजय कुमार पंडित, जदयू किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह उर्फ विनोद सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अंजनी कुमार चौधरी, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, आरएसजे चौधरी कॉलेज धौनी के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र कुमार चौधरी, पूर्व जीप सदस्य उमेश कुमार उर्फ पप्पू वर्मा, जीप सदस्य मुकेश कुमार सिंह व सुमन पासवान, प्रमुख प्रतिनिधि रणविजय सिंह, प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, सचिव प्रवीण कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार उर्फ टिंकू सिंह, पैक्स अध्यक्ष विभाष साह, प्रियेश कुमार सिंह, राघवेंद्र कुमार उर्फ अजीत मंडल, पूर्व सरपंच प्रदीप कुमार सिंह, जदयू नेता अजीत कुमार राव, भाजपा नेता निरंजन चौधरी, रजौन भाजपा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष नितेश कुमार उर्फ बंटी साह एवं उत्तरी मंडल अध्यक्ष ई. मनीष कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता व कार्यकर्ताओं के अलावे त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि एवं समाजसेवी अपने समर्थकों के साथ क्षेत्र भ्रमण कर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील कर रहे थे। वहीं दूसरी ओर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन भी काफी मुस्तैद रहा। बीडीओ अंतिमा कुमारी, सीओ कुमारी सुषमा, आरओ सुरजेश्वर श्रीवास्तव, बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, रजौन सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार, रजौन थानाध्यक्ष राज रतन एवं नवादा बाजार सहायक थानाध्यक्ष सुजीत कुमार सहित अन्य प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी सशस्त्र बलों के साथ लगातार भ्रमणशील रहे, जिसके परिणामस्वरूप पूरा त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments