बांका (चांदन): बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र के कोरिया पंचायत अंतर्गत धबोनी गांव में एक नवविवाहित महिला ने पति से विवाद के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या कर दिया है। घटना के बाद पति को छोड़कर परिवार के सभी लोग फरार हैं। इतना ही नहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा है, और कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। घटना के करीब चार घंटे बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली। उसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि धबोनी ग्राम निवासी अरुण यादव की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व कटोरिया के कोल्हासार पंचायत के मालबथान निवासी धनश्याम यादव की पुत्री सखी कुमारी के साथ हुई थी। उसे कोई संतान नहीं थी। बताया जाता है कि उसके पति एवं ससुराल वाले के साथ सखी कुमारी का बराबर विवाद होता था। घटना के एक दिन पूर्व भी पति-पत्नी में जमकर मारपीट हुई थी। बुधवार को उसी आक्रोश में सखी कुमारी ने घर में ही दिन के 11 बजे फांसी के फंदे से झूल कर आत्महत्या कर लिया ।घटना की जानकारी होते ही परिवार के सभी लोग वहां से भाग गए। लेकिन पति घर में ही था ।धीरे-धीरे कई घंटे बाद पुलिस को इस मामले की जानकारी हुई। थाना अध्यक्ष रवि शंकर कुमार ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है और मामले की जांच करते हुए लड़की के माता-पिता को भी इसकी जानकारी भेज दी गई है। उनके द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया जाएगा ।तत्काल लाश को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेजा गया है।
