बांका : जिले में अवैध बालू तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने गई खनन विभाग के अधिकारी एवं पुलिस पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया साथ ही बालू माफियाओं ने खनन अधिकारी एवं पुलिस बल के जवानों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा तथा उनके वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के बाद बांका के प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई है। जानकारी के अनुसार खनन विभाग की टीम विभागीय पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों के साथ बुधवार को नियमित गश्ती पर निकली हुई थी। इस दौरान भागलपुर-हंसडीहा मुख्य सड़क मार्ग पर पुनसिया बाजार के निकट बाराहाट-रजौन थाना के सीमा पर टीम ने एक बालू लदी ट्रक को पकड़ा। इसके बाद मिली सूचना के आधार पर यह टीम बालू के अवैध कारोबार की तह तक जाने के लिए बाराहाट प्रखंड के चंगेरी-मिर्जापुर गांव की ओर बढ़ी। इस दौरान एक बालू लोड ट्रैक्टर उसी रास्ते से गुजर रहा था व खनन विभाग की टीम की भनक मिल गई। खनन विभाग की टीम को देखते ही चालक ट्रैक्टर को सड़क किनारे खड़ी कर भागने लगा। वहां पहले से खड़े कुछ बालू तस्करों ने खनन पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों को देखकर उनकी गाड़ी रोक कर उलझ गए। इसी दौरान बड़ी संख्या में अन्य बालू कारोबारी भी वहां पहुंच गए तथा उन्होंने खनन विभाग के अधिकारी एवं सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया। पहले तो उन्होंने उनके साथ दुर्व्यवहार किया, फिर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक जब खनन अधिकारी एवं सुरक्षा बलों ने वहां से निकलने की कोशिश की तो बालू माफियाओं ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटना प्रारंभ कर दिया। इस हमले में एक होमगार्ड के जवान की भी जख्मी होने की खबर है। इस दौरान बालू माफियाओं द्वारा खनन अधिकारी के वाहन को भी लाठी डंडे से प्रहार कर क्षतिग्रस्त कर दी गई। बालू माफियाओं के इस हमले से किसी तरह अपनी जान बचाकर खनन विभाग के पदाधिकारी एवं सुरक्षा कर्मी वहां से भाग निकले तथा घटना की सूचना अपने वरीय पदाधिकारियों को दी। बालू माफियाओं के दुस्साहस की वजह से इतनी बड़ी घटना हो गई, लेकिन इस घटना को लेकर यहां तरह-तरह की भ्रांतियां बनी रही। बुधवार को सुबह से ही जिले में इस बात की चर्चा हो रही थी कि बालू माफियाओं ने हमला जिला खनन पदाधिकारी संजय कुमार और उनके साथ गए सुरक्षा बलों पर किया है। जिला खनन पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया है कि मिर्जापुर में बालू माफियाओं ने माइनिंग इंस्पेक्टर अवधेश कुमार एवं उनके साथ गए सुरक्षा बलों पर की है। इस बात की पुष्टि माइनिंग इंस्पेक्टर अवधेश कुमार ने भी की है। उन्होंने बताया कि जब बालू माफियाओं ने उन पर व सुरक्षाबलों पर हमला किया उस वक्त माइनिंग अफसर संजय कुमार वहां नहीं थे। वहीं बुधवार की शाम बाराहाट थाने में मामले की प्राथमिकी दर्ज किए जाने की प्रक्रिया में खनन विभाग लगे हुए है। प्रभारी एसपी संजय कुमार ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए एसडीपीओ दिनेश चन्द्र श्रीवास्तव को भेजा गया है। जांच उपरांत दोषी पाए जाने वाले कोई व्यक्ति बख्शे नहीं जाएंगे। मामला बाराहाट थाने में खनन पदाधिकारी के बयान पर दर्ज कराई जा रही है।
रिपोर्ट ;:केआर राव