बेतिया-मैनाटांड़ मुख्य मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौत, दूसरा गंभीर


         फोटो कैप्शन:सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर जुटे ग्रामीण व राहगीर, दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को देखते लोग।

बेतिया (पश्चिम चंपारण), 3 जुलाई। बेतिया-मैनाटांड़ मुख्य मार्ग पर गुरुवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की हालत चिंताजनक बताई जा रही है और उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना क्षेत्र के बकुलहर गांव निवासी रामजी पटेल के पुत्र जितेंद्र पटेल तथा दुखी मुखिया के पुत्र साधु मुखिया एक ही बाइक से घोघा चौक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बकुलहर और घोघा चौक के बीच उनकी बाइक की एक कार से आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जितेंद्र पटेल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि साधु मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल बेतिया जीएमसीएच पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने देर रात बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि बेतिया-मैनाटांड़ मुख्य मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान जा रही है। उनका आरोप है कि तेज रफ्तार, बिना हेलमेट वाहन चलाना, यातायात नियमों की अनदेखी तथा पर्याप्त पुलिस निगरानी का अभाव इन हादसों के प्रमुख कारण हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बेतिया छावनी से भंगहा तक कई पुलिस थाने होने के बावजूद यातायात नियमों का प्रभावी पालन नहीं कराया जा रहा है। यदि नियमित जांच अभियान चलाया जाए और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post