बेतिया में एसपी का औचक निरीक्षण, ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश




बेतिया, 3 जुलाई। पुलिस अधीक्षक, पश्चिम चंपारण ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों का औचक निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की उपस्थिति, यातायात संचालन, आमजन की सुविधा तथा सड़क सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से उपस्थित रहने, पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ यातायात संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने तथा आम नागरिकों के साथ विनम्र एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय लोगों एवं दुकानदारों से भी ट्रैफिक व्यवस्था और विधि-व्यवस्था के संबंध में बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि शहर के व्यस्त चौक-चौराहों पर यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जाम की समस्या उत्पन्न न हो और आमजन को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को बढ़ावा देने तथा नो-पार्किंग सहित अन्य यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पश्चिम चंपारण पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा सड़क पर अनुशासन बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
पुलिस का कहना है कि पश्चिम चंपारण पुलिस लोक व्यवस्था के प्रभावी संधारण एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post