रजौन ,बांका :-रजौन प्रखंड अंतर्गत खैरा खेल मैदान में बुधवार की दोपहर करीब 2 बजे वज्रपात की चपेट में आने से 11वीं कक्षा के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान राजावर पंचायत के धनसार गांव निवासी मनोज यादव के 16 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है, जो एलएमसीके उच्च माध्यमिक विद्यालय खैरा का छात्र था। बताया जाता है कि इन दिनों विद्यालय में त्रिमासिक परीक्षा का आयोजन हो रहा है। परीक्षा सम्बंधी जानकारी लेने के लिए सन्नी अपने कुछ दोस्तों के साथ बुधवार को विद्यालय आया था। यह जानकारी लेने के बाद वह अपने मित्रों के साथ पास ही स्थित खैरा खेल मैदान में क्रिकेट खेलने चला गया। मैच के दौरान जब वह बॉलिंग कर रहा था, तभी मैदान के किनारे एक खजूर के पेड़ के पास लघुशंका करने गया। इसी बीच आसमान में बिना एक बूंद बारिश हुए अचानक जोरदार मेघगर्जन हुई और कड़कड़ाती बिजली सीधे सन्नी पर आ गिरी। वज्रपात का असर इतना भयानक था कि छात्र के शरीर के कपड़े तक झुलस गए और वह गंभीर रूप से अचेत होकर वहीं गिर पड़ा। यह देख साथ खेल रहे दोस्तों ने शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में एम्बुलेंस बुलाकर छात्र को रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सन्नी के दोस्तों ने रूआंसे होकर बताया कि उस वक्त बारिश की एक बूंद तक नहीं टपकी थी, सिर्फ एक अचानक हुए वज्रपात ने उनके दोस्त की जान ले ली। इधर घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे और बेटे के शव से लिपटकर चीख-पुकार करने लगे। तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे सन्नी की इस असमय मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में सन्नाटा पसरा है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद रजौन थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर छात्र के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बांका भेज दिया है
रिपोर्ट :- केआर राव