रजौन ,बांका :- तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध स्थानीय डीएन सिंह महाविद्यालय, भूसिया में बुधवार को शिक्षक प्रतिनिधि का चुनाव बेहद शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो गया। इस पद के लिए जंतु विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक सर्वोदय कुमार राव और अर्थशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक सुनील कुमार चौधरी के बीच सीधा मुकाबला था, जिसे लेकर सुबह से ही कॉलेज परिसर में शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच भारी उत्सुकता और उत्साह का माहौल देखा गया। सुबह 10 बजे पीठासीन पदाधिकारी सह प्रभारी प्रधान लिपिक राजकुमार सिंह की देखरेख में मतदान प्रक्रिया शुरू हुई, जहां कॉलेज के कुल 31 मतदाताओं में से 30 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोपहर बाद मतदान समाप्त होते ही विश्वविद्यालय प्रतिनिधि की मौजूदगी में मतगणना का कार्य शुरू किया गया। परिणाम घोषित करते हुए प्रभारी प्राचार्य डॉ. महेंद्र प्रसाद सिंह और पीठासीन पदाधिकारी राजकुमार सिंह ने बताया कि सीधे मुकाबले में जंतु विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक सर्वोदय कुमार राव को 20 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी सुनील कुमार चौधरी को 10 मतों से संतोष करना पड़ा। इस तरह 10 मतों के अंतर से सर्वोदय कुमार राव को विजयी घोषित किया गया। कॉलेज प्रशासन द्वारा पूरी चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सर्वोदय कुमार राव की इस शानदार जीत पर महाविद्यालय के तमाम शिक्षकों और कर्मियों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
रिपोर्ट :- के आर राव