रजौन ,बांका , ;-बिहार सरकार के विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के आलोक में रजौन प्रखंड के कोतवाली स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक बांका के प्रशासनिक और शैक्षणिक नेतृत्व में एक बड़ा बदलाव किया गया है। विभाग द्वारा जारी इस आधिकारिक आदेश के तहत बुधवार को संस्थान की तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य रानी बेगम को पदमुक्त कर दिया गया है। उनके स्थान पर तकनीकी शिक्षा क्षेत्र के अनुभवी व्याख्याता सह परीक्षा नियंत्रक प्रो. बीरबल कुमार रजक को राजकीय पॉलिटेक्निक बांका का नया प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया गया है। मूल रूप से वैशाली जिले के रहने वाले प्रो. बीरबल कुमार रजक को बिहार कोषागार संहिता 2011 के नियम-84 के तहत संस्थान के सभी वित्तीय कार्यों को संपादित करने के लिए पूर्ण वित्तीय शक्तियां भी प्रदान कर दी गई हैं। वहीं इस विभागीय फेरबदल का मुख्य उद्देश्य कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, कड़ा अनुशासन और प्रशासनिक दक्षता को एक नई व सकारात्मक दिशा देना है। पदभार ग्रहण करने की औपचारिकताओं के बीच नए प्रभारी प्राचार्य ने संस्थान के निरंतर विकास और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया है। इधर कॉलेज प्रशासन ने संस्थान के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं से अनुरोध किया है कि वे कॉलेज की प्रगति और विकास के लिए नए प्राचार्य के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की है।
रिपोर्ट:- केआर राव