दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभुगंज (बांका) : प्रखंड क्षेत्र के गुलनी कुशाहा पंचायत के वार्ड संख्या चार महादलित बस्ती के करीब पांच दर्जन से अधिक घर पिछले एक वर्षों से बिजली , पानी की समस्या से जूझ रहा है ।इस भीषण गर्मी में बिजली-पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से पेयजल के लिए हाहाकार है।जहां विभाग की कुव्यवस्था से नाराज ग्रामीणों ने जलमीनार के सामने जमकर प्रदर्शन किया ।ग्रामीण गोपाल रविदास , रौबीन दास , पंकज दास , फंटुश दास , शिबू दास सहित अन्य ने बताया कि बस्ती के करीब पांच दर्जन घर इन दिनों लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहा है ।बिजली आपूर्ति सही नहीं होने से जलमीनार से जलापूर्ति ठप है ।नल से पानी के बदले सिर्फ हवा निकलती है। बताया कि गांव में पानी की किल्लत पर पीएचइडी विभाग द्वारा लाखों की राशि खर्च कर जलमीनार तो बनाया ।जलमीनार बने करीब चार वर्ष बीत गए , लेकिन जलापूर्ति सही तरीके से नहीं हो रहा है। बताया कि ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद मीनार तक बिजली तो पहुंचाई गई , लेकिन लो वोल्टेज के कारण मोटर पर कोई असर नहीं पड़ता है। इसके लिए कई मरतबे समस्या समाधान के लिए बीडीओ से शिकायत की , लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि यदि अविलंव समस्या समाधान नहीं होता है तो जनआंदोलन तेज होगा।बीडीओ प्रभात रंजन ने बताया कि इसके लिए पीएचइडी एवं बिजली विभाग को समस्या समाधान के लिए निर्देशित की जाएगी।
