पेयजल की समस्या से जूझ रहे बिरनौधा पंचायत के ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय में किया विरोध प्रदर्शन

दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट 


शंभुगंज (बांका) : प्रखंड क्षेत्र में एक तरफ भले सरकार सात निश्चय योजना के दूसरे पाली की शुरूआत कर दी है , लेकिन सच्चाई तो यह है कि योजना के प्रथम फेज की स्थिति बद से बदतर है। पेयजल की समस्या क्षेत्र के लगभग सभी पंचायतों में है। अधिकांश जगहों पर सात निश्चय योजना मद में संपूर्ण राशि की निकासी के बाद भी ग्रामीण लोग लाभ से वंचित है।खासकर गर्मी के मौसम में चारो तरफ जल संकट एक गंभीर समस्या बन गई है। इस क्रम में पेयजल की समस्या से जूझ रहे बिरनौधा पंचायत के वार्ड संख्या पांच के ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।शुक्रवार को दर्जनों पुरूष - महिलाओं ने प्रखंड मुख्यालय पहुंच अव्यवस्था के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों को समझाने पहुंचे मुखिया प्रतिनिधी को भी महिलाओं के कोपभाजन का शिकार होना पड़ गया। प्रखंड मुख्यालय में कुछ देर के लिए अफरा - तफरी का माहौल बन गया।वार्ड सदस्य कविता देवी के अलावा पिंकी देवी , सरिता देवी , तुलसी देवी , सविता देवी , बालकृष्ण , मनीष , महेश प्रसाद सहित अन्य ने बताया कि वार्ड संख्या पांच दो भागों में विभाजित है। एक भाग में सात निश्चय योजना से जलमीनार है। इस जलमीनार से मुश्किल से दो - तीन दर्जन घरों में नल - जल का पानी नसीब हो रहा है। बांकि करीब सौ से अधिक घरों में नल से पानी की जगह सिर्फ हवा निकलती है ।इसका कारण है कि एक तो जगह - जगह पाइप का लिकेज और कई घरों में नल जल की पाइप में बिजली मोटर चलाने से यह समस्या उत्पन्न है। वहीं वार्ड के दूसरे भाग के यादव टोला में करीब ढाई वर्ष पूर्व करीब नौ लाख की राशि से सिर्फ बोरिंग कर छोड़ दिया गया। घरों तक पाइप - लाइन बिछाने की बात तो दूर जलमीनार का भी कोई ठिकाना नहीं है। जिस कारण ग्रामीणों को आज तक योजना का लाभ नहीं मिल सका ।बताया कि जब भी जलमीनार पर चर्चा करते हैं तो मुखिया कुछ ध्यान नहीं देते हैं , और विभाग पर कोई असर नहीं पड़ता है। जिस कारण ग्रामीणों का धैर्य आक्रोश में बदल गया। जब सभी ग्रामीण गोलबंद होकर प्रखंड पहुंचे तो बीडीओ और बीपीआरओ को कार्यालय में नहीं देख लोग और आक्रोशित हो गए। किसी तरह प्रखंड कर्मियों ने लोगों को समझा बुझा कर शांत किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि यदि अविलंव समस्या समाधान नहीं होगा तो जिला मुख्यालय में जिलाधिकारी कार्यालय के समझ धरणा - प्रदर्शन होगा। इस संबंध में बीपीआरओ रौनक कुमार झा ने बताया कि पंचायत सचिव और जनप्रतिनिधियों से बात कर जल्द ही समस्या समाधान करा दी जाएगी।


Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post