रजौन,बांका : बिहार के कई जिलों में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत धान अधिप्राप्ति कार्य का शुभारंभ हो गया है। इसी कड़ी में रजौन व्यापार मंडल परिसर में सोमवार (24 नवंबर) को बांका जिला सहकारिता पदाधिकारी (डीसीओ) मोहम्मद जैनुल अब्दुल अंसारी ने इस कार्य का विधिवत शुभारंभ फीता काटकर किया है। रजौन व्यापार मंडल में धान अधिप्रप्ति कार्य का शुभारंभ होते ही सर्वप्रथम प्रखंड के उपरामा गांव के रैयत किसान अरुण कुमार चौधरी का 43 क्विंटल, धर्मचक गांव के किसान रिमझिम कुमारी का 84 क्विंटल, बामदेव के गुंजन सिंह का 51 क्विंटल, बरौनी के रघुनंदन सिंह का 105 क्विंटल, कठौन के किसान आशुतोष सिंह का 36 क्विंटल सहित कुल 319 क्विंटल धान रजौन व्यापार मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार पटेल द्वारा अधिप्राप्ति कर ली गई है। वहीं धान अधिप्राप्ति कार्य के शुभारंभ के मौके पर उपस्थित डीसीओ मोहम्मद जैनुल अब्दुल अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत 3 नवंबर को आयोजित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार पूरे जिले के 189 पैक्स में से 137 पैक्स, 9 व्यापार मंडलों में से 7 व्यापार मंडल में धान अधिप्राप्ति का कार्य प्रारंभ हो गया है। रजौन प्रखंड के 18 पैक्स में से 14 पैक्सों के अलावे व्यापार मंडल को धान अधिप्रप्ति का आदेश दिया गया है। डीसीओ मोहम्मद जैनुल अब्दुल अंसारी ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि किसान अपने धान को नजदीकी पैक्स या व्यापार मंडल में बेच सकते हैं। इस वर्ष सरकार ने साधारण धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2369 रुपए प्रति क्विंटल और ग्रेड 'ए' धान का 2389 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। उन्होंने बताया कि धान अधिप्राप्ति केंद्र में धान बेचने वाले किसानों को कागजी प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत 48 घंटे के अंदर राशि का भुगतान की जाएगी। रैयत किसान 250 क्विंटल एवं गैर रैयत किसान 100 क्विंटल तक धान पैक्स में दे सकते हैं। सत्र 2025-26 के लिए धान अधिप्राप्ति की अंतिम तिथि 28 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। रैयत किसानों के लिए कृषि विभाग से पंजीकृत फॉर्म, आधार कार्ड, बैंक खाता, जमीन की रसीद, एलपीसी और ओटीपी के लिए मोबाइल नंबर आवश्यक है। गैर-रैयत किसानों को इनसे अतिरिक्त रूप से वार्ड सदस्य, मुखिया आदि के हस्ताक्षर की आवश्यकता होगी। डीसीओ ने सभी व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं पैक्स अध्यक्षों को धान देने वाले किसानों से जूट वाली बोरी में धान लेने के लिए कहा है। अगर कोई किसान प्लास्टिक की बोरी में धान लेकर आता है तो वैसे किसानों का जूट की बोरी में धान रिबैगिंग करने के लिए कहा है। इसके साथ ही उन्होंने धान देने वाले किसानों को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं हो इसका विशेष ख्याल रखने के लिए कहा है। व्यापार मंडल अध्यक्षों, पैक्स अध्यक्षों एवं समिति के सदस्यों को हर हाल में किसानों के हित को देखते हुए 10 बजे से 3 से 4 बजे तक कार्यालय से लेकर गोदाम खुले रखने का आदेश दिया है। डीसीओ ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले वर्ष सत्र 2024-25 में 1 लाख 59 हजार एमटी धान की अधिप्राप्ति की गई थी। वहीं इस वर्ष रजौन व्यापार मंडल को कुल 52 सौ एमटी क्विंटल धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य दिया गया है। धान अधिप्राप्ति कार्य के शुभारंभ के क्रम में रजौन व्यापार मंडल परिसर में व्यापार मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार पटेल, बीसीओ सह बीईओ सोयम चक्रपाणि कनिष्क, बीसीओ सन्नी कुमार, भवानीपुर-कठौन पैक्स अध्यक्ष प्रियेश कुमार सिंह, व्यापार मंडल सहायक प्रबंधक रंजीत कुमार, कुंदन कुमार चौधरी, त्रिवेणी उर्फ बुलबुल सिंह आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
रिपोर्ट : केआर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...