मोहना में श्रीराम कथा को लेकर 501 कलशों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा इलाका

मोहना में श्रीराम कथा को लेकर 501 कलशों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा इलाका

​रजौन, बांका : प्रखंड के ओड़हारा पंचायत अंतर्गत मोहना गांव में सात दिवसीय श्री श्री 108 श्रीराम कथा को लेकर मंगलवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस अवसर पर गाजे-बाजे और आकर्षक झांकियों के साथ 501 कलशों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो मोहना गांव से प्रस्थान कर धोरैया प्रखंड के चंदाडीह दुर्गा मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के उपरांत कलशों में पवित्र जल भरा गया, जिसे लेकर श्रद्धालु पुनः कथा स्थल पहुंचे। इस दौरान पूरा माहौल 'जय श्री राम' के उद्घोष से गुंजायमान रहा। शोभायात्रा में भव्य रथ पर सवार होकर मुख्य कथावाचक पंडित गौरव कृष्ण चंद्र शास्त्री सबसे आगे चल रहे थे, जिनके पीछे मुख्य यजमान व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह ऋषि कुमार अपनी धर्मपत्नी शिल्पी कुमारी के साथ पदयात्रा कर रहे थे। पारंपरिक परिधानों में माथे पर कलश लिए कतारबद्ध महिलाएं और उनके साथ नाचते-झूमते सैकड़ों धर्मप्रिय श्रद्धालु इस यात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे। ​समस्त मोहना ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस सात दिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान में वृंदावन के समृधेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित गौरव कृष्ण चंद्र शास्त्री जी अपने श्रीमुख से भगवान श्रीराम की पावन जीवन गाथा प्रस्तुत करेंगे। 14 अप्रैल से शुरू हुए इस ज्ञान महायज्ञ का समापन 20 अप्रैल को होगा। आयोजन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन प्रातः 6 से 7 बजे तक योगासन, 7 से 9 बजे तक पूजन व हवन तथा संध्या 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्रीराम कथा का प्रवाह होगा। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए मोहना सहित आसपास के ग्रामीण पूरे उत्साह के साथ तन-मन से जुटे हुए हैं।

Post a Comment

0 Comments