रजौन में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ खनन विभाग और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन वाहन जब्त व एक गिरफ्तार

रजौन में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ खनन विभाग और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन वाहन जब्त व एक गिरफ्तार

रजौन, बांका :- ​रजौन थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबारियों के खिलाफ जिला खनन कार्यालय और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो दिनों के अंदर तीन वाहनों को जब्त किया है। इस अभियान की शुरुआत 14 अप्रैल 2026 को खान निरीक्षक प्रीतिलता सिन्हा, पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार एवं पुलिस बल के नेतृत्व में हुई, जहां भवानीपुर-लीलातरी चौक पर अवैध बालू से लदे एक बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाले पावरट्रेक ट्रैक्टर को पकड़ा गया। जांच दल को देखते ही चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल ने उसे खदेड़कर दबोच लिया, जिसकी पहचान भवानीपुर निवासी कांग्रेस कुमार के रूप में हुई है। पकड़े गए ट्रैक्टर पर करीब 100 घनफीट बालू लदा पाया गया। कार्रवाई का यह सिलसिला अगले दिन 15 अप्रैल को भी जारी रहा, जब खान निरीक्षक अलका कुमारी और रजौन थाना के पुलिस पदाधिकारी अक्षय कुमार की टीम ने रूपसा और तारडीह ग्राम के पास छापेमारी की। इस दौरान बालू लदी दो जुगाड़ गाड़ियां जब्त की गईं, जिन पर क्रमशः 60 और 120 घनफीट बालू लदा हुआ था। हालांकि, इन दोनों मामलों में चालक छापेमारी दल को देखते ही मौके से फरार होने में सफल रहे। खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब्त वाहनों के पास बालू परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं थे, जो खनिज के अवैध उत्खनन की पुष्टि करता है। खनन विभाग ने इन वाहनों, मालिकों और चालकों के विरुद्ध एमएमडीआर एक्ट 1957, बिहार खनिज नियमावली 2024 और बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत रजौन थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है और सभी वाहनों को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
रिपोर्ट :-केआर राव 


Post a Comment

0 Comments