रजौन पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी वारदात, अवैध हथियार के साथ दो गिरफ्तार

रजौन पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी वारदात, अवैध हथियार के साथ दो गिरफ्तार


​रजौन,बांका  बांका पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के दिशा-निर्देशन और रजौन थानाध्यक्ष राज रतन के कुशल नेतृत्व में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया है। बुधवार की देर रात रजौन पुलिस ने नरीपा मोड़ स्थित एक होटल के पास छापेमारी कर दो युवकों को अवैध देशी कट्टे और बिना नंबर की बाइक के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि डायल-112 को गुप्त सूचना मिली थी कि नरीपा मोड़ स्थित प्रांगन होटल के पास कुछ संदिग्ध अपराधी हथियार के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही गश्ती पर तैनात पुलिस अवर निरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह सशस्त्र बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस की गाड़ी को आता देख होटल के पास खड़े दो युवक भागने लगे। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान रजौन निवासी सुरेंद्र यादव के 18 वर्षीय पुत्र पिंटू कुमार और रामपुर निवासी शंकर यादव के 25 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान अभियुक्त पिंटू कुमार की कमर से एक लोडेड देशी कट्टा बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने उनके पास से एक बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर बाइक, दो एंड्रॉइड मोबाइल और कुल 9,750 रुपए नकद भी जब्त किए हैं। बरामद हथियार के बारे में पूछताछ करने पर जब अभियुक्तों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, तो पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया। इस मामले को लेकर रजौन थाना में कांड संख्या 126/26 दर्ज की गई है। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पुलिस ने उन्हें न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया है।

रिपोर्ट:-के आर राव 

Post a Comment

0 Comments