गैस कंटेनर ने आशा कार्यकर्ता के पैर को कुचला, चीखों से दहला अस्पताल

गैस कंटेनर ने आशा कार्यकर्ता के पैर को कुचला, चीखों से दहला अस्पताल


​रजौन, बांका : भागलपुर-हंसडीहा मुख्य सड़क मार्ग हादसों की सड़क बनता जा रहा है। सोमवार की सुबह करीब 9:30 बजे रजौन थाना क्षेत्र के तेरह माइल चौक के समीप एक बेलगाम गैस कंटेनर ने बाइक सवार एक आशा कर्मी को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में महिला ने अपना बायां पैर मौके पर ही गंवा दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रजौन प्रखंड के मड़नी निवासी स्वर्गीय सुबोध मंडल की 40 वर्षीय पत्नी सह आशा कार्यकर्ता अनोखा देवी अपने देवर सह वार्ड सदस्य अविनाश कुमार उर्फ अभिमन्यु के साथ बाइक पर सवार होकर कान का इलाज कराने भागलपुर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित गैस कंटेनर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर गिर पड़ीं और भागने के प्रयास में कंटेनर चालक ने उनके बाएं पैर को बुरी तरह कुचल दिया। वारदात को अंजाम देकर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को आनन-फानन में रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां का मंजर इतना खौफनाक था कि दर्द से कराह रही आशा कार्यकर्ता की चीखों से पूरा अस्पताल परिसर सहम उठा। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने पुलिस से अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। वहीं ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। गौरतलब हो कि यह सड़क मार्ग पिछले कुछ दिनों से खूनी साबित हो रहा है। इससे पूर्व विगत 29 अप्रैल (बुधवार) की दोपहर रजौन बस स्टैंड चौक के समीप एक गैस कंटेनर ने ही खरवा निवासी रंभा देवी (40 वर्ष) को कुचल दिया था, जिनकी मौत मायागंज भागलपुर अस्पताल ले जाने के दौरान हो गई थी। वहीं 30 अप्रैल (गुरुवार) की अहले सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मड़नी निवासी मिथिलेश शर्मा और बेरमा निवासी विकास तांती की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य युवक ज्योतिष तांती गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। इधर स्थानीय पुलिस उक्त अज्ञात गैस कंटेनर वाहन की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments